इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली की टीम ने फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के दावों पर कड़ा पलटवार किया है. टीम ने फलाहारी महाराज के इस दावे को खारिज कर दिया है कि विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम लाने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए. कोहली के प्रवक्ता ने इस दावे को पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद बताया. उनका साफ कहना है कि विराट कोहली ने आस्था और श्रद्धा में प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए.
'प्रेमानंद के यहां जाने के 5 करोड़ लिए', कोहली ने फलाहारी महाराज के इस दावे का सच बताया
विराट कोहली की टीम ने 5 करोड़ रुपये लेने के दावे का खंडन किया है. ये तब हुआ जब खबरों और सोशल मीडिया पर फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के इस तरह के दावों को हवा मिली.

मथुरा के वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज का आश्रम पहले से ही विवादों में घिरा है. विराट कोहली को लेकर फलाहारी महाराज के दावे ने आश्रम को लेकर चल रही कंट्रोवर्सी को और हवा दे दी. पूरे मामले पर विराट कोहली की टीम को सामने आना पड़ा. 7 अक्टूबर को उनके प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर दिनेश शर्मा के दावों को गलत बताया.
विराट कोहली की टीम ने क्या कहा?इंडिया टुडे से जुड़ीं भावना की रिपोर्ट के मुताबिक, विराट कोहली के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान में कहा,
"हम साफतौर पर कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और तथ्यों के लिहाज से गलत हैं. विराट कोहली प्रेमानंद महाराज जी से मिलने सिर्फ इसलिए जाते हैं, क्योंकि उन्हें महाराज जी में गहरी आस्था और श्रद्धा है."

विराट कोहली की टीम की तरफ से ये बयान तब आया है जब खबरों और सोशल मीडिया पर दिनेश शर्मा के दावों को हवा मिली. दिनेश शर्मा श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष हैं. उन्हें फलाहारी महाराज के नाम से भी जाना जाता है.
कोहली का प्रेमानंद महाराज से जुड़ावविराट कोहली का प्रेमानंद महाराज से जुड़ाव किसी से छिपा नहीं है. कोहली अपनी पत्नी और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ कई बार वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जा चुके हैं. सबसे पहले उन्हें जनवरी 2023 में वहां देखा गया. इसके बाद वे कई बार प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने गए.
दिनेश शर्मा पहले भी प्रेमानंद महाराज को लेकर बयान देते रहे हैं. बीते दिनों उन्होंने दावा किया कि प्रेमानंद महाराज अब केलि कुंज आश्रम छोड़ चुके हैं. उनके मुताबिक, प्रेमानंद अब करीब 20 किलोमीटर दूर बेलवन आश्रम में रह रहे हैं.
दिनेश शर्मा का कहना है कि इसकी वजह केलि कुंज आश्रम में चल रहा विवाद है. उनका दावा है कि आश्रम दो गुटों में बंट गया है. एक तरफ वो लोग हैं, जिन्हें वो असली संत बता रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ उन्होंने कुछ लोगों को नकली संत बताया है. उनका आरोप है कि कुछ लोग संतों की आड़ में जमीन और प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत पर बोले वृंदावन के साधु-संत, 'महात्मा के साथ आतंकी जैसा...'
ये सिर्फ दिनेश शर्मा का दावा नहीं है, मथुरा के कुछ और संतों ने भी केलि कुंज आश्रम को लेकर ऐसे ही कई गंभीर आरोप लगाए हैं. ये आरोप प्रेमानंद के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत से जुड़े मामले की जांच के बीच सामने आए हैं.
वीडियो: प्रेमानंद जी महाराज के लिए दुआ मांगते शख्स सुफियान को मौत की धमकी? सुफियान ने क्या बताया











