5G वाला रिचार्ज करा लिया लेकिन नेटवर्क ही नहीं है. इंटरनेट कैसे चलेगा? उत्तर प्रदेश के एक गांव में लोगों के सामने ये परेशानी दो साल से थी. गांव में जियो कंपनी का एक टावर भी लगा है जो कंपनी ने ही लगवाया है. फिर भी समस्या नहीं सुलझी. इसी बीच कंपनी का एक कर्मचारी गुरुवार, 10 सितंबर को गांव पहुंचा तो लोगों के 2 साल के सब्र का बांध टूट गया.लोगों ने उसे पकड़कर उसी टावर से बांध दिया, जो दो साल पहले कंपनी ने लगवाया था. इसका वीडियो भी बनाया. गांव के लोगों का कहना है कि इसका वीडियो जब कंपनी के लोगों के पास जाएगा, तभी वो उनकी समस्या हल करेंगे.
5G रिचार्ज फिर भी नेटवर्क नहीं, भड़के गांववालों ने Jio के टेक्नीशियन को टावर से बांध दिया
Fatehpur tower worker tie to pole: फतेहपुर के हरदौली गांव में लोग नेटवर्क की समस्या से परेशान थे. ऐसे में जब टेक्नीशियन गांव पहुंचा, तो लोगों का गुस्सा उसपर फूट पड़ा. इसका एक वीडियो अब वायरल है.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स को दोनों हाथ ऊपर करके पोल से बांधा गया है. वीडियो रिकॉर्ड कर रहा शख्स कहता है,
ये वीडियो हमारे गांव हरदौली का है. ये (व्यक्ति) जियो नेटवर्क से आया है. यहां दो साल से नेटवर्क की समस्या ठीक नहीं हो रही. लाइट रहती है. नेटवर्क नहीं रहता. हम 5G का रिचार्ज कराते हैं. लेकिन प्रॉब्लम सॉल्व नहीं होती. इसलिए जियो के टेक्नीशियन को बांध चुके हैं. जब तक इनके अधिकारी नहीं आते. इन्हें नहीं छोड़ेंगे.
इंडिया टुडे से जुड़े नितेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस कर्मचारी को बांधा गया था, उसकी पहचान आदित्यभान सिंह के रूप में हुई है. वह जियो कंपनी में काम करता है. दो साल पहले जियो ने ही फतेहपुर के हरदौली गांव में टावर लगवाया था. लोगों को लगा कि अब उनके यहां भी अच्छा नेटवर्क आएगा और इंटरनेट बढ़िया चलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ग्रामीणों की समस्या का कोई हल नहीं निकला. गांव वालों का कहना है कि वो हर महीने 5जी रिचार्ज तो कर रहे हैं. लेकिन नेट का इस्तेमाल सही से नहीं कर पा रहे.
तकनीशियन ने खुद पोल से बांधने को कहा?गुरुवार, 10 सितंबर को जियो कंपनी में काम करने वाले टेक्नीशियन आदित्यभान सिंह बिजली सप्लाई की जांच करने हरदौली गांव गए थे. तभी गांव के कुछ लोगों की उनसे तीखी बहस हो गई. इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गांव में किसी ने कहा कि आदित्यभान को टावर से बांध दो. तभी समस्या हल होगी. हालांकि, दावा ये भी किया जा रहा है कि टेक्नीशियन ने ही गांव के लोगों से ऐसा करने के लिए कहा था. ताकि, उसकी कंपनी को सबूत मिल जाए कि नेटवर्क की शिकायत पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: रूस के इस मंत्री को देख पीयूष गोयल बोले- ‘डैशिंग, बॉलीवुड में एक्टिंग करिए’
इसकी खबर पुलिस तक पहुंची, जिसने मौके पर पहुंचकर आदित्यभान को आजाद कराया. एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हरदौली में जियो टावर के एक टेक्नीशियन को बंधक बनाए जाने का मामला सोशल मीडिया से सामने आया था. 5 व्यक्तियों को मामले में हिरासत में लिया गया है. उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जा रही है.
वीडियो: त्यागराज स्टेडियम Dog Walk Case में IAS रिंकू दुग्गा की बहाली पर SC की रोक












