राजस्थान के जयपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर दी. आरोप है कि उसने चारों के सिर और मुंह पर पत्थर से वारकर उनका मर्डर किया. आरोपी राहुल झा ने वारदात को अंजाम देने के बाद बिल्कुल नॉर्मल बिहेव किया. सुबह-सुबह दूध लिया. अपने पिता के लिए चाय बनाई. फिर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
पति ने रात में पत्नी और 3 बेटियों की हत्या की, सुबह दूध लिया, पिता को चाय पिलाई और भाग गया
Jaipur family murder: जयपुर के करधनी इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

मृतकों की पहचान पत्नी गीता झा, नंदिनी (उम्र 23), राधिका (उम्र 18) और गौरी (उम्र 14) के रूप में हुई है. गीता घर की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं. सबसे बड़ी बेटी नंदिनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी कर रही थी. राधिका 12वीं क्लास में थी और गौरी आठवीं कक्षा में. आरोपी राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था.
दादा ने दी पड़ोसियों को सूचनाइंडिया टुडे के रिपोर्टर विशाल शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार जयपुर के करधनी इलाके स्थित गोविंद वाटिका में रहता था. शुक्रवार, 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को चार लोगों के मर्डर की सूचना दी गई थी. राहुल के पिता लक्ष्मीनाथ झा की नजर नीचे कमरे में फर्श पर पडे खून पर गई. इसे देख वह रोने लगे और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को बुलाया गया.
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. गीता का शव पहली मंजिल पर मिला और बेटियों का शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले.
ये भी पढ़ें: मायावती की BSP में दूसरे दिग्गजों के लिए जगह नहीं? इन 'नवरत्नों' की कहानी बहुत कुछ कहती है
पुलिस का मानना है कि देर रात घटना को अंजाम दिया गया. जब चारों गहरी नींद में थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उनके सिर और मुंह पर पत्थर से लगातार वार किया. पुलिस ने घटनास्थल से एक पत्थर भी बरामद किया है. बताया गया कि इसी पत्थर से वारदात को अंजाम दिया गया था.
हत्या के बाद आरोपी ने सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया. फिर बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई. अपने हाथों से उन्हें चाय भी पिलाई. फिर घर से निकल गया. उसने अपना फोन भी घर पर स्विच ऑफ करके रख दिया था.
पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल शेयर ट्रेडिंग का काम करता था. कुछ दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था. लगभग तीन महीने पहले आरोपी ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे. ऐसे में पुलिस आर्थिक परेशानी और पारिवारिक विवाद समेत कई एंगल से मामले की जांच कर रही है. आरोपी राहुल झा की तलाश की जा रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
वीडियो: सत्य निकेतन हादसे के बाद चिराग दिल्ली के पीजी में दरारें, एमसीडी की कार्रवाई से बढ़े किराए











