उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की वजह से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई है. लगातार बारिश की वजह से दीवार और मिट्टी के घर गिरने की घटनाओं में ये मौत हुई है. मृतक प्रतापगढ़, सहारनपुर और बाराबंकी के रहने वाले हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मामले में मृतक के परिवार को 26 लाख 20 हजार का मुआवजा भी दिया गया है. प्रतापगढ़ जिले में भारी बारिश की वजह से बुधवार, 5 अगस्त को एक जर्जर मकान गिर गया था. इस हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई.
UP में बारिश का कहर, प्रतापगढ़ में मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत
UP Heavy Rainfall: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की वजह से 9 लोगों की मौत हो गई. बाराबंकी, सहारनपुर और प्रतापगढ़ जैसे इलाकों में मिट्टी के कई घरों की दीवार और छत ढह गई. आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त है.

इंडिया टुडे से जुड़े सुनील यादव की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतापगढ़ के महुली गांव में एक पुराना मकान ढह गया. 5 अगस्त की सुबह तेज बारिश हो रही थी. परिवार के लोग घर में सो रहे थे. बताया जा रहा है कि घर 100 साल पुराना था, जो तेज बारिश की वजह से गिर गया. मलबे में दबकर परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई. परिवार के एक सदस्य अमन बाल-बाल बच गए. मृतकों की पहचान प्रमोद श्रीवास्तव, रीता, नितिन, माधुरी के तौर पर हुई है. इस हादसे में अमन के दो बच्चों की भी मौत हो गई.
घटनास्थल पर जिले के SP और DM पहुंचे. जिलाधिकारी ने मृतक के परिवार को 26 लाख 20 हजार रुपये मुआवजा देने की बात कही. मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
बाराबंकी में भी भारी बारिश की वजह से 2 नाबालिग बच्चों की मौत हो गई. इंडिया टुडे से जुड़े सैयद रेहान मुस्तफा की रिपोर्ट के मुताबिक, बाराबंकी के दरियाबाद इलाके में भी गुरुवार, 6 अगस्त को भारी बारिश की वजह से एक घर की दीवार गिर गई.
मामले की पुष्टि CO सीटी सौरभ श्रीवास्तव ने की है. उन्होंने बताया कि दीवार के मलबे में 5 बच्चे दब गए. सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक 7 साल के बच्चे और 14 साल की किशोरी को मृत घोषित कर दिया. इस हादसे में 3 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
मिट्टी का मकान गिरने से हादसासहारनपुर में भी बारिश कहर बनकर बरस रही है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घाघरेकी गांव में बुधवार, 7 अगस्त की रात एक 35 साल की महिला की मौत हो गई. महिला अपने घर में सो रही थी. रात में हुई भारी बारिश में मिट्टी का मकान गिर गया, जिसके मलबे में महिला की मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: गर्भवती गाय को सेवा करने के लिए ले जा रही थीं मां-बेटी, रास्ते में लोगों ने पकड़कर पीट दिया
मामले की पुष्टि SHO देवेश कुमार शर्मा ने की. उन्होंने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को मलबे से निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.
वीडियो: सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने से पहले अस्पताल में क्या हुआ था?














