उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक मां-बेटी के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है. कथित तौर पर दोनों एक गर्भवती गाय को लेकर जा रही थीं, जिसके बाद भीड़ ने गौ तस्करी के आरोप में उनकी पिटाई कर दी. वीडियो वायरल होने और पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
गर्भवती गाय को सेवा करने के लिए ले जा रही थीं मां-बेटी, रास्ते में लोगों ने पकड़कर पीट दिया
Ghaziabad की दीपा ने बताया कि जब वो अपनी मां के साथ गाय को लेकर जा रही थीं. तब रास्ते में स्कूटी सवार एक महिला ने उन्हें रोक लिया फिर वहां और लोग भी पहुंच गए, जिसमें महिलाएं भी थीं. दीपा का आरोप है कि इसी दौरान उन्हें और उनकी मां को पीटा गया.

वीडियो में दो महिलाएं जमीन पर बैठी दिखाई दे रही हैं, जबकि एक महिला उन्हें थप्पड़ और चप्पल से मारती हुई नजर आ रही है. मौके पर लोगों की भीड़ भी मौजूद है. इंडिया टुडे से जुड़े मयंक गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहीं कुछ महिलाओं के बारे में स्थानीय हिंदू संगठन से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
शिकायत में क्या बताया?पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मामले में पीड़िता दीपा की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मंगलवार, 4 अगस्त को FIR दर्ज की गई. FIR में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि वह 3 अगस्त, सोमवार को अपनी मां सुमन के साथ सिकेड़ा रोड से एक गर्भवती गाय लेकर जा रही थी.
आरोप है कि सपना अग्रवाल और दो अज्ञात लोगों ने बिना किसी पूछताछ के उनके साथ मारपीट की. कथित तौर पर गाली-गलौज की और दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत में मारपीट के दौरान मां-बेटी के घायल होने की भी बात बताई गई है.
वीडियो के आधार पर जांचपुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का भी संज्ञान लेकर जांच की जा रही है. इसके अलावा उसमें दिखाई दे रहे लोगों की भी पहचान की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: टीचरों से झगड़े का बदला बच्चों से निकाला, बिना थाली के मिड-डे मील खिलाया, प्रिंसिपल सस्पेंड
मामले में पीड़िता दीपा का कहना है कि उन्हें एक ऐसी गाय मिली थी, जो गर्भवती थी और बच्चा देने वाली थी. उनके मुताबिक कुछ रोज पहले उन्हें एक परिचित ने सलाह दी थी कि ऐसी गाय को अपने पास रखकर उसकी सेवा और देखभाल करनी चाहिए. इसी वजह से दीपा अपनी मां और एक सहेली के साथ गाय को लेकर जा रही थीं.
दीपा का आरोप है कि रास्ते में स्कूटी सवार एक महिला ने उन्हें रोक लिया और गाय के बारे में पूछताछ शुरू कर दी. कुछ ही देर में वहां और लोग भी पहुंच गए, जिसमें महिलाएं भी हैं. दीपा का आरोप है कि इसी दौरान एक महिला ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया. उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
वीडियो: गोरखपुर में पकड़ी गई करोड़ो की धोखाधड़ी करने वाली महिला, पिता भी गए जेल










