महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक कैब ड्राइवर ने एक बुज़ुर्ग व्यक्ति को इतना मारा कि उनका पैर फ्रैक्चर हो गया. बुज़ुर्ग व्यक्ति ड्राइवर को सड़क पर थूकने से मना कर रहे थे. फिर दोनों के बीच ‘सिविक सेंस’ को लेकर बहस छिड़ी, जो थोड़ी देर बाद हिंसा में बदल गई. घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे तक भी पहुंचा. उन्होंने शख्स के खिलाफ ‘अटेम्प्ट टू मर्डर’ का चार्ज लगाने की मांग की है.
सड़क पर थूकने से मना किया तो बुजुर्ग को पत्थर से मार-मारकर गिरा दिया!
Cab driver assault Thane: महाराष्ट्र के ठाणे से आए एक वीडियो में एक कैब ड्राइवर एक बुज़ुर्ग व्यक्ति को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है. बुज़ुर्ग व्यक्ति ड्राइवर को सड़क पर थूकने से मना कर रहे थे. डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने ड्राइवर पर 'अटेम्प्ट टू मर्डर' चार्ज लगाने की मांग की है.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला 9 जून की शाम ठाणे के जुपिटर हॉस्पिटल के पास के इलाके का है. बताया गया कि ओला कैब ड्राइवर (Ola cab driver) सड़क पर पानी से कुल्ला कर रहा था. ये देखते हुए बुज़ुर्ग व्यक्ति ने उसे टोका और सड़क गंदा करने से मना किया. वीडियो में दिख रहा है कि ड्राइवर ने इस बात पर आपत्ति जताई और उन्हें मारना शुरू कर दिया. आरोपी का नाम निशांत धर शुक्ला है, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है.
क्या है पूरा मामला?बुज़ुर्ग व्यक्ति का नाम सरोज दस्तूर है, जिनकी उम्र 70 साल से ज्यादा बताई जा रही है. वे अपनी पत्नी के साथ जुपिटर हॉस्पिटल के पास एक सोसाइटी में रहते हैं. उस शाम वे अपनी पत्नी के साथ वॉक पर निकले थे. तभी उन्होंने ड्राइवर की हरकत पर टोका. वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि ड्राइवर सरोज को धक्का दे रहा है और उन्हें मार रहा है. इसके बाद वो पत्थर से भी उनपर हमला करता हुआ दिखाई देता है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में सरोज को गंभीर चोटे आई हैं और उनका एक पैर भी फ्रैक्चर हो गया है.
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला और न्याय की मांग की गई. जिसके बाद एकनाथ शिंदे की शिव सेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कर्मचारियों ने ड्राइवर को ढूंढना शुरू किया. ड्राइवर का पता चलते ही कार्यकर्ताओं ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. बताया गया कि वर्तक नगर पुलिस थाना को सौंपने से पहले कार्यकर्ताओं ने ड्राइवर के साथ बदसलूकी की. पुलिस ने आरोपी का बयान रिकॉर्ड करने के बाद उसे हिरासत में ले लिया.
एकनाथ शिंदे का एक्शनरिपोर्ट के मुताबिक, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे तक भी ये मामला पहुंचा. उन्होंने ठाणे के पुलिस कमिश्नर आशुतोष डुंबरे को फोन किया और ड्राइवर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 लगाने को कहा. ये धारा अटेम्प्ट टू मर्डर केस में लगाई जाती है. उन्होंने कहा,
‘क्या सड़क पर किसी को थूकने से रोकना अपराध है? मैं ये वीडियो देख रहा हूं, जिसमें शख्स ने पत्थर से उनपर हमला किया है. ऐसे में उनकी जान भी जा सकती थी.’
इस मामले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस तरह के मामले कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. MNS के नेता अविनाश जाधव ने भी कहा कि लोकल लोगों पर इस तरह के हिंसक हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है.
वीडियो: नूह में बकरीद की नमाज़ के बाद भड़की हिंसा, कितने लोग घायल?





















