The Lallantop

विदेशी शख्स को ट्रेन में झगड़े के बाद पुलिस लेकर गई, अब कह रही- 'उसकी गिरकर मौत हो गई'

पुलिस के मुताबिक विदेशी नागरिक साथ बैठे यात्रियों के साथ झगड़ा कर रहा था. उसे ट्रेन से उतारकर Surat Railway Station पर मौजूद RPF स्टेशन ले जाया गया. पूछताछ के दौरान वह बेहोश हो गया. एंबुलेंस से अस्पताल भेजे जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
post-main-image
RPF ने विदेशी नागरिक को सूरत रेलवे स्टेशन पर उतारा था. (ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में विदेशी नागरिक ने यात्रियों से झगड़ा करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर से हमला किया, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने उसे सूरत स्टेशन पर ट्रेन से उतारा।
  • यात्रियों के बीच विवाद और विदेशी की असामान्य व्यवहार के कारण RPF को सूचना मिली, जो सूरत स्टेशन पर घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रण में लेकर जांच शुरू की।
  • पूछताछ के दौरान विदेशी नागरिक अचानक बेहोश हो गया और बाद में अस्पताल में मृत घोषित हुआ, पुलिस ने कस्टोडियल डेथ की जांच शुरू कर दी है और जांच अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
author-image
संजय सिंह राठौर

मुंबई से दिल्ली जा रही गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में एक विदेशी नागरिक ने जमकर बवाल काटा. आरोप है कि उसने यात्रियों के साथ मारपीट की. यहां तक ​​कि फायर एक्सटिंग्विशर से यात्रियों पर हमला किया. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने उसे सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से नीचे उतारा. पूछताछ के दौरान वह विदेशी अचानक गिर गया और बेहोश हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने कस्टडी में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अभी तक मृतक विदेशी नागरिक की पहचान नहीं हो पाई है.

Advertisement

मामला सोमवार, 17 अगस्त 2026 की रात का है. इंडिया टुडे से जुड़े संजय सिंह राठौर की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई से दिल्ली जा रही गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में करीब 45 साल का विदेशी नागरिक भी सवार था. बांद्रा टर्मिनस से रवाना हुई गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस आगे बढ़ रही थी. तभी कंट्रोल रूम से गश्त कर रहे RPF जवानों को सूचना मिली कि आगे के जनरल कोच में एक विदेशी नागरिक हंगामा कर रहा है.

फायर एक्सटिंग्विशर से हमला किया

RPF के जवान तुरंत कोच में पहुंचे, जहां एक विदेशी नागरिक रेल यात्रियों के साथ तेज आवाज में झगड़ा करता मिला. जवानों ने इंग्लिश में समझा-बुझाकर उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह और ज्यादा उग्र हो गया. चलती ट्रेन में विदेशी नागरिक ने यात्रियों से मारपीट शुरू कर दी. उसने कोच में लगा फायर एक्सटिंग्विशर निकालकर यात्रियों पर हमला कर दिया.

Advertisement

हंगामे से भड़के दो यात्रियों ने भी उस फॉरेनर के साथ मारपीट शुरू कर दी. स्थिति बिगड़ती देख तुरंत सूरत कंट्रोल रूम, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और RPF को अलर्ट किया गया. देर रात ट्रेन के सूरत रेलवे स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर पहले से तैनात 15 से 20 जीआरपी और आरपीएफ के जवान डिब्बे में चढ़े. कड़ी मशक्कत के बाद विदेशी व्यक्ति को काबू में किया. इसके बाद उसे ट्रेन से नीचे उतारकर सूरत आरपीएफ पुलिस थाने ले जाया गया.

पूछताछ में बेहोश हुआ

जब पुलिस वाले आरपीएफ पुलिस स्टेशन में पूछताछ कर रहे थे, तो विदेशी नागरिक अचानक गिर गया और बेहोश हो गया. ये देखते ही रेलवे थाने पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में एक एंबुलेंस बुलाई गई. उसे तुरंत '108' एम्बुलेंस से सूरत के सूरत म्यूनिसिपल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (SMIMER) हॉस्पिटल ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने क्या बताया?

सूरत वेस्टर्न रेलवे के सुपरिेंटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) अभय सोनी ने बताया कि कल रात करीब 10 बजे विभाग को 'रेल मदद' सेवा के जरिए गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में एक विदेशी नागरिक और भारतीय यात्रियों के बीच झगड़े की जानकारी मिली, जो बोरीवली से चलकर सूरत पहुंची थी.

Advertisement

उन्होंने आगे बताया कि सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर RPF और GRP के लोग हालात संभालने के लिए पहुंचे. विदेशी नागरिक फायर एक्सटिंग्विशर से साथ बैठे यात्रियों के साथ झगड़ा कर रहा था. प्रोटोकॉल के तहत, उसे ट्रेन से उतारा गया और प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर मौजूद RPF स्टेशन ले जाया गया. पूछताछ के दौरान वह बेहोश हो गया. एंबुलेंस से अस्पताल भेजे जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

SP अभय सोनी ने आगे कहा,

"हमने कस्टोडियल डेथ की जांच शुरू कर दी है, और विदेशी नागरिक की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है. एक डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. उसके पास से कोई डॉक्यूमेंट नहीं मिला. इनके पास से फोन रिकवर हुआ है. फोरेंसिक प्रोटोकॉल और तय स्टैंडर्ड प्रोसीजर को फॉलो करके आगे की कार्रवाई करेंगे."

उन्होंने बताया कि विदेशी नागरिक का दूसरे यात्रियों के साथ एक सीट और ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े होने को लेकर झगड़ा हुआ था. इस घटना में कुछ साथ में बैठे यात्रियों को भी चोटें आई हैं. इस बारे में भी कानूनी कार्रवाई चल रही है.

यह भी पढ़ें: स्टेशनों के इस पानी से किडनी फेल होने का खतरा... CAG की जांच रिपोर्ट देख रेलवे के होश उड़े

सूरत रेलवे पुलिस ने फिलहाल पुलिस कस्टडी में विदेशी नागरिक की मौत के मामले में 'एक्सीडेंटल डेथ' का केस दर्ज किया है. जांच सूरत रेलवे पुलिस के डिप्टी पुलिस सुपरिेंटेंडेंट (Dy. SP) डीएच गौड़ को सौंपी गई है. मृतक विदेशी नागरिक के शरीर का SMIMER हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम किया गया. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण कंफर्म होगा.

वीडियो: चलती ट्रेन में कर दिया रुद्राभिषेक, अब रेलवे को देनी पड़ी सफाई

Advertisement