बेंगलुरु से एक खौफनाक मामला सामने आया है. एक महिला पर आरोप लगा है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति और अपने पांच साल के बेटे का क़त्ल कर दिया. पुलिस के मुताबिक, हत्या की प्लानिंग पहले से हो चुकी थी. बताया गया कि घटना को उस वक़्त अंजाम दिया गया जब पति और बच्चा सो रहे थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
बिग बॉस देखकर पति और बेटा सो गए, पत्नी ने लवर के साथ मिलकर किया मर्डर, बेंगलुरु में खौफनाक वारदात
बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक महिला को पति और बेटे की हत्या के आरोप में पुलिस ने अरेस्ट किया है. पुलिस का दावा है कि मृतक पति और बेटा बिग बॉस देखने के बाद सोने चले गए थे. तब आरोपी ने लवर के साथ मिलकर मर्डर को अंजाम दिया.

घटना 16 अगस्त की रात बेंगलुरु के चिक्काबनवारा इलाके में घटी. इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी हरिणी और उसके प्रेमी विनय ने हत्या की पहले से प्लानिंग कर ली थी. 16 अगस्त की शाम परिवार हरिणी के मायके से घर लौटा था. बताया गया कि हत्या से दो दिन पहले यानी 14 तारीख को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था.
क्या है पूरा मामला?पुलिस के मुताबिक, हरिणी और विनय का अवैध संबंध चल रहा था. दोनों साथ रहना चाहते थे. हरिणी अपने पति अभिनंदन से डाइवोर्स लेना चाहती थी और इसके लिए लगातार दबाव भी बना रही थी. पुलिस का दावा है कि हरिणी को ऐसा लगता था कि अभिनंदन उनकी प्रेम कहानी के बीच में आ रहा है. इसलिए उसने हत्या का फैसला किया. हरिणी की शादी 2021 में हुई थी. मगर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. पिछले दो साल से दोनों एक ही घर के अलग-अलग कमरे में सो रहे थे.
दूसरी तरफ हरिणी और विनय स्नैपचैट के ज़रिए दिसंबर 2024 में मिले थे. पुलिस का कहना है कि अभिनंदन को हरिणी पर शक था. इसलिए वो घटना के 14 दिन पहले पुलिस के पास अपनी पत्नी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाने पहुंचा था. आरोप ये भी है कि 14 अगस्त को झगड़े के दौरान अभिनंदन ने हरिणी का शोषण किया था.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान सेना पर अटैक करने की फिराक में था युवक, पुलिस ने बेंगलुरु से दबोच लिया
कैसे की हत्या?बेंगलुरु नॉर्थ वेस्ट के DCP नागेश ने बताया कि हरिणी ने 14 अगस्त को विनय से बात की और हत्या की प्लानिंग की. दोनों ने दो जोड़े ग्लव्स भी पहले से खरीद रखे थे. 16 अगस्त की शाम को ही हरिणी ने घर के CCTV कैमरा बंद कर दिए थे. बताया गया कि हत्या से पहले अभिनंदन और उसका बेटा टीवी पर बिग बॉस शो देख रहे थे. इस दौरान हरिणी बरामदे में टहल रही थी और कथित तौर पर मर्डर की प्लानिंग कर रही थी.
पुलिस के मुताबिक,
‘रात 11 बजे ही विनय घर में घुस आया था. हरिणी ने उसे घर के गेराज में छुपा दिया था. करीब 11:30 बजे अभिनंदन सोने चला गया. इसके बाद विनय हरिणी के कमरे में आ गया. हरिणी ने तीन बार चेक किया कि कहीं अभिनंदन जगा न हो. इसके बाद करीब रात 12:30 बजे दोनों अभिनंदन के कमरे में आ गए. विनय ने अभिनंदन का गला दबाया और हरिणी ने उसके पैर पकड़े. इससे बच्चा जग गया और हरिणी ने बच्चे का गला घोंट दिया.’
पुलिस के मुताबिक हरिणी और विनय दोनों ने अपना जुर्म क़ुबूल कर लिया है. इस हत्या की जानकारी खुद हरिणी ने 17 अगस्त की सुबह पुलिस को दी थी.
वीडियो: डे केयर में बच्चे कितने सेफ? बेंगलुरु के वायरल वीडियो ने उठाए सवाल










