एक्टिविस्ट और इनोवेटर सोनम वांगचुक ने कहा कि वह 10 अक्टूबर को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे. उन्होंने बताया कि वह आने वाली सर्दियों की तैयारियों में व्यस्त हैं.
'और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा', सोनम वांगचुक ने ये क्या कहा?
सोनम वांगचुक ने कहा कि वह लद्दाख में सर्दियों की तैयारियों में व्यस्त हैं. इनमें पानी की सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) के खतरे से निपटने के प्रयोग शामिल हैं. उन्होंने CJP के नेताओं से एकजुट रहने और GenZ से शांतिपूर्ण रहने की अपील की.

सोनम वांगचुक ने सर्दियों की तैयारियों का जिक्र करते हुए उर्दू शायर फैज अहमद फैज की कुछ पंक्तियां पढ़ीं. उन्होंने बताया कि तैयारियों में 'पानी की सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना, GLOF (ग्लेशियर झील के फटने से आने वाली बाढ़) से सुरक्षा के लिए प्रयोग करना और ऊंचे हिमालय में मौजूद 200 से अधिक खतरनाक वॉटर बमों को बेअसर करना' शामिल है. यही वजह है कि वो दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रोटेस्ट में शामिल नहीं हो पाएंगे.
सोनम वांगचुक ने क्या पोस्ट किया है?सोनम वांगचुक ने एक्स पर सर्दी के लिए हो रही तैयारियों का वीडियो शेयर किया. वीडियो करते हुए वांगचुक ने पोस्ट में लिखा,
सरकार की तरफ से हमारे काम में रुकावट डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद, हम देश की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे, और आने वाली सर्दियों के लिए तैयारियां भी कर रहे हैं. इसमें पानी की सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और GLOF (ग्लेशियर झील में बाढ़) से सुरक्षा के लिए प्रयोग करना शामिल है. ताकि ऊंचे हिमालय में मौजूद 200 से ज्यादा 'टिकिंग वॉटर बॉम्ब' के खतरे को कम किया जा सके.
वांगचुक ने अपनी पोस्ट में मशहूर शायर फैज अहमद फैज की कुछ पंक्तियां भी लिखीं. उन्होंने लिखा, “फैज साहब के शब्दों में मैं कहूंगा, और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा, राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा.”
सोनम वांगचुक ने आगे लिखा,
मैं सभी को अपनी शुभकामनाएं देता हूं. मैं अलग-अलग समूहों के नेताओं से एकजुट रहने और समझदारी दिखाने की अपील करता हूं. साथ ही, मैं GenZ के सभी दोस्तों से भी गुजारिश करता हूं कि वे हर हाल में पूरी तरह शांति बनाए रखें. बापू की यही सीख मैं जून में जंतर-मंतर पर ले जाने की कोशिश कर रहा था. मुझे उम्मीद है कि हम बापू को निराश नहीं करेंगे.
(यह भी पढ़ें: ‘यही दबाव बनाया तो ये सरकार गिर जाएगी’, राहुल गांधी ने 'गारंटी' दी)
10 अक्टूबर को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शनCJP के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन के कारण दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. हालांकि दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है. फिर भी कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा है कि वो प्रोटेस्ट करेगी. लिहाजा पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इसमें जंतर-मंतर के आस-पास इंटरनेट बंद करना, 45 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखना, अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती जैसे कदम उठाए गए हैं. साथ ही शहर की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों, होटलों और अन्य संवेदनशील जगहों पर भी फोर्स तैनात है.
9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक जंतर-मंतर के 4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाओं को भी बंद कर दिया गया है.
वीडियो: जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले ट्रेन-मेट्रो बंद, सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लगाई फटकार?












