राम मंदिर के नाम पर मिले चढ़ावे से फोन और गाड़ियां खरीदी जा रही थीं. ये काम वही लोग कर रहे थे, जिन्हें चढ़ावे में मिले पैसों की गिनती के लिए रखा गया था. उनकी सैलरी मामूली थी, लेकिन खर्चे नवाबों वाले थे. राम मंदिर चंदा गबन मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला ऐसे ही लोगों में से एक है. वह राम मंदिर के चढ़ावे से निकाले पैसों से गाड़ियां और मोबाइल फोन खरीद रहा था. दोस्तों को पैसे बांट रहा था. ये सारी बातें उसने पुलिस की पूछताछ में खुद बताई हैं.
राम मंदिर चंदा चोरी: इस आरोपी ने भक्तों के दान से भाई की शादी निपटा दी
राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला ने पूछताछ में दान के पैसों से SUV खरीदने, रिश्तेदारों और दोस्तों पर लाखों रुपये खर्च करने की बात कबूल की है. पुलिस अब बैंक खातों, जमीन खरीद और अन्य लेन-देन की जांच कर रही है.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस का दावा है कि हिरासत में पूछताछ के दौरान अविनाश शुक्ला ने बताया है कि गबन किए गए पैसों को उसने कहां-कहां खर्च किया. शुक्ला ने बताया कि परिवार के लोगों और दोस्तों पर उसने तकरीबन 19 लाख रुपये खर्च किए थे. सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि अविनाश शुक्ला ने अपने एक भाई की शादी में करीब 6 लाख रुपये खर्च किए थे. अपने दूसरे भाई को उसने 5-6 लाख रुपये दिए थे. इसके अलावा, उसने 35 लाख रुपये की एक एसयूवी कार भी खरीदी थी.
हाल ही में मामले की जांच करने वाली टीम ने एक एसयूवी गाड़ी बरामद की थी. जांच टीम ने बताया कि इस मारुति ब्रेजा एसयूवी कार को अविनाश शुक्ला ने दान से निकाले गए पैसों से खरीदा था. इसके मालिक का पता न चले, इसलिए गाड़ी अपने भाई अभिषेक के नाम पर ली थी. अविनाश ने अपने एक दोस्त को लगभग ढाई लाख रुपये भी ट्रांसफर किए थे. साथ ही उसे एक महंगा फोन भी गिफ्ट किया था. पूछताछ में अविनाश ने बताया कि उसने छोटी-छोटी रकम कई अन्य लोगों को भी बांटी थी.
ये भी पढ़ेंः चैट से 2 करोड़ की चोरी का सुराग मिला, पैसों के लिए आपस में भिड़े थे आरोपी
अब पुलिस अधिकारी उन बैंक खातों की छानबीन कर रहे हैं, जिनसे ये पैसे ट्रांसफर किए गए थे. इसके अलावा, अविनाश के भाई अभिषेक के नाम पर 2024 में खरीदी गई जमीन की भी जांच की जा रही है. बता दें कि अविनाश शुक्ला के पास से कुल 20.39 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. इसके अलावा 1 हजार 121 अमेरिका डॉलर, सोने-चांदी के गहने और अन्य कई कीमती सामानों के साथ एक एसयूवी गाड़ी बरामद की गई है.
वीडियो: फिल्म Satluj को OTT प्लेटफार्म से हटाया गया, दिलजीत दोसांझ क्या बोले?















