The Lallantop

बंगाल: बरुईपुर में बच्ची की रेप के बाद हत्या, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला

West Bengal के Baruipur में एक 12 साल की बच्ची की लाश तालाब से मिली. परिवार का आरोप है कि बच्ची के साथ रेप हुआ उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. आरोप है कि गुस्से में आकर भीड़ ने एक संदिग्ध को पीट-पीटकर मार डाला.

Advertisement
post-main-image
पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 12 साल की बच्ची से रेप-मर्डर. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक 12 वर्षीय बच्ची की कथित रूप से रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ता शांतनु मंडल को गिरफ्तार किया है।
  • बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोप के बाद परिजनों ने कई बार पुलिस से मदद मांगी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में गुस्सा फैला और तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई।
  • लाश मिलने के बाद इलाके में हिंसा हुई, पुलिस ने SIT गठित कर जांच शुरू की है और मामले में चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर इलाके में एक 12 साल की बच्ची की कथित तौर पर रेप के बाद हत्या कर दी गई. बच्ची अपने दोस्त के लिए बर्थडे गिफ्ट खरीदने घर से निकली थी. जब काफी देर तक वापस लौट कर घर नहीं आई, तो परिवार ने तलाश शुरू कर दी. फिर अगले दिन उसकी लाश को एक तालाब से निकाला गया. इसके बाद पूरे इलाके में गुस्सा फूट पड़ा. लोगों ने सड़क जाम कर दी, टायर जलाए, पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और एक संदिग्ध आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला. इस मामले में पुलिस ने एक कथित बीजेपी कार्यकर्ता शांतनु मंडल को गिरफ्तार किया गया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों का आरोप है कि 4 जुलाई को चार लोग बच्ची को जबरन अपने साथ ले गए थे. उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस से मदद भी मांगी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद परिवार और गांव के लोग पूरी रात बच्ची को तलाशते रहे.

अगली सुबह यानी 5 जुलाई को लोगों ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया. लोगों का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने बताया कि बच्ची का शव कहां है. उसकी निशानदेही पर सूरज्यापुर हाट इलाके में एक तालाब से लाश मिली. 

Advertisement
भीड़ ने संदिग्ध की हत्या कर दी 

परिवार और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्ची के साथ रेप हुआ और उसके बाद उसकी हत्या की गई. हालांकि पुलिस ने इस बात की तस्दीक नहीं की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का कारण और कथित रेप की बात सामने आएगी. इसी दौरान जिस संदिग्ध ने कथित तौर पर शव का ठिकाना बताया था, उसे भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि लाश मिलने की खबर फैलते ही इलाके में भारी गुस्सा फैल गया. लोगों ने बरुईपुर-जयनगर रोड जाम कर दिया. सड़क पर टायर जलाए गए. पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की.

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में MBBS छात्रा से रेप केस में पीड़िता का दोस्त गिरफ्तार, पुलिस ने कहा गैंगरेप नहीं हुआ

Advertisement
पुलिस एक्शन

जब हालात बिगड़े तो बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया. मामले की जांच के लिए पुलिस ने SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) बनाई है. पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है.

रिपोर्ट के मुताबिक, प्रेसीडेंसी रेंज के इंस्पेक्टर जनरल कंकरप्रसाद बरुई खुद मौके पर पहुंचे. उन्होंने लोगों से बात की. उन्होंने कहा कि सड़क जाम खत्म करें, सभी आरोपियों की पहचान कर के उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस ने बताया है कि मामले में पूछताछ के लिए स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ता शांतनु मंडल को हिरासत में लिया गया है. वहीं अब तक इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

घटना के बाद पूर्व CM ममता बनर्जी हाउस अरेस्ट में क्यों?

तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि पार्टी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बरुईपुर जाकर पीड़ित परिवार से मिलना चाहती थीं. लेकिन बीजेपी सरकार ने उन्हें रोकने के लिए उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और बैरिकेड लगा दिए. पार्टी ने सरकार पर उन्हें हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया है.

वहीं टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी बीजेपी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं की सुरक्षा देने में नाकाम रही है और ऐसा माहौल बन गया है जहां गंभीर अपराध करने वाले लोग खुद को राजनीतिक संरक्षण मिलने का भरोसा रखते हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. 

वीडियो: पुणे में 3 साल की बच्ची का रेप-मर्डर करने वाले बुजुर्ग को मौत की सजा

Advertisement