राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 6 जुलाई को पहलगाम आतंकी हमले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट फाइल की है. इसमें पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगना हाफिज सईद का भी नाम शामिल किया गया है. जम्मू स्थित विशेष NIA अदालत ने चार्जशीट में हाफिज सईद को व्यक्तिगत तौर पर आरोपी बनाया है. वहीं प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-तैयबा’ (LeT) और उसके प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) के चीफ और संस्थापक के तौर पर भी उसे नामजद किया गया है.
पहलगाम आतंकी हमला: NIA अदालत ने हाफिज सईद को आरोपी बनाया
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को पहलगाम आतंकी हमले की जांच में पाकिस्तान का हाथ होने के सबूत मिले हैं. एजेंसी ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के चीफ और संस्थापक हाफिज सईद को भी इस हमले का आरोपी बनाया है.


बॉर्डर पार से साजिश रचने का आरोप
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, NIA की जांच में ऐसे सबूत मिले हैं जिससे पता चला है कि पहलगाम हमले की साजिश पाकिस्तान से रची गई थी. एजेंसी ने हाफिज सईद पर भारत के खिलाफ जंग छेड़ने, सीमा पार से साजिश रचने, आतंकियों को निर्देश देने और पूरे ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने का आरोप लगाया गया है. इसी आधार पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की अलग-अलग धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं.
NIA पहले फाइल कर चुकी है चार्जशीट
NIA ने बताया कि यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले फाइल की जा चुकी 1,597 पेज की चार्जशीट का विस्तार है. NIA ने 15 दिसंबर 2025 को इस मामले में पहली चार्जशीट दायर की थी. इसमें पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर साजिद जट, ऑपरेशन महादेव में मारे गए 3 आतंकियों और 2 गिरफ्तार लोगों को आरोपी बनाया गया था.
3 आतंकी पहले ही मारे जा चुके हैं
पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकी पहले ही मारे जा चुके हैं. भारतीय सुरक्षा बलों ने 28 जुलाई, 2025 को फैसल जट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ जिब्रान भाई और हमजा अफगानी को ढेर कर दिया था.
ये भी पढ़ें - आतंकी हाफिज सईद के बेटे का काला सच, आतंकियों की भर्ती करता है, चीन का फ़ेवरेट है!
पिछले साल हुआ था हमला
22 अप्रैल, 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने धर्म के आधार पर लोगों को टारगेट करके उनकी हत्या की थी. इस हमले में 25 बेगुनाह टूरिस्ट और एक स्थानीय नागरिक मारे गए थे. शुरुआत में इस केस में अनंतनाग जिले के पहलगाम पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई थी. जम्मू-कश्मीर पुलिस की शुरुआती जांच के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामले की जांच NIA को सौंप दिया था.
वीडियो: पहलगाम आतंकी हमले को एक साल हो गए, पीड़ित परिवारों का ज़ख्म अब भी ताज़ा















