The Lallantop

सगी बहनों की एक साथ शादी थी, बारात आने से ठीक पहले दोनों की मौत

Jodhpur Sisters dies by suicide: एक रिश्तेदार ने इस घटना के लिए परिवार को दोषी ठहराया है. परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू ही कर दी थी, तभी पुलिस को घटना की सूचना मिल गई. अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया.

Advertisement
post-main-image
मृतकों की पहचान शोभा (25) और विमला (23) के तौर पर हुई है. (फोटो: ITG)
author-image
अशोक शर्मा

राजस्थान के जोधपुर में शादी से कुछ घंटे पहले दो बहनों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. एक रिश्तेदार ने इस घटना के लिए परिवार को दोषी ठहराया है. मृतकों की पहचान शोभा (25) और विमला (23) के तौर पर हुई है. दोनों एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं. शुरुआती जांच में पता चला है बहनों की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है. हालांकि, मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला जोधपुर के सूरसागर थाना क्षेत्र के मणाई गांव का है. शनिवार, 21 फरवरी को ही दोनों बहनों की शादी थी लेकिन बारात आने से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने ये कदम उठा लिया. पुलिस ने बताया कि 20 फरवरी की रात घर में बिंदोली (शादी की एक रस्म) का कार्यक्रम था. रात करीब एक बजे दोनों बहनें अपने कमरे में चली गई थीं. सुबह करीब चार बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. 

परिवार के सदस्य दोनों को एक प्राइवेट अस्पताल ले गए. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव वापस गांव लाए गए. परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू ही कर दी थी. तभी पुलिस को घटना की सूचना मिल गई. अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया. एडीसीपी (पश्चिम) रोशन मीणा ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: नाबालिग लड़की की जबरन शादी, पति जबरदस्ती उठा कर ले गया, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

शोभा और विमला के मामा जसवंत सिंह ने इस घटना के लिए उनके पिता दीप सिंह के परिवार के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने आरोप लगाया कि दीप सिंह के भाइयों ने परिवार पर बहनों की शादी का रिश्ता तय करने का दबाव डाला था, जो पहले नहीं हो पाया था. जसवंत सिंह ने आगे बताया,

दबाव के कारण दोनों बहनें मानसिक तनाव में थीं. पहले उनकी सगाई भीनमाल क्षेत्र में हुई थी, जो टूट गई थी. बाद में पोकरण क्षेत्र में दूसरी जगह शादी तय की गई. पारिवारिक दबाव के चलते दोनों ने यह कदम उठाया.

Advertisement

पुलिस ने कहा कि इन आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

वीडियो: मध्य प्रदेश में कांस्टेबल ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में भ्रष्टाचार को ठहराया जिम्मेदार

Advertisement