मध्य प्रदेश में एक 70 साल के बुजुर्ग व्यक्ति के साथ घिनौनी हरकत की गई. पहले कार में उन्हें बंधक बनाया गया, फिर भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं, कथित तौर पर पेशाब पिलाई गई, पीटा गया और इस घिनौनेपन का वीडियो भी बनाया गया. बताया गया कि शख्स के बेटे से जुड़ा विवाद था, जिसके चलते ऐसा किया गया है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
बेटे की गलती की सजा 70 साल के पिता को दी, पहले पेशाब पिलाई फिर जमकर पीटा
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक बुजुर्ग को कुछ लोगों ने बंधक बनाया और फिर कथित तौर पर उन्हें शराब की बोतल में पेशाब पिलाई. बाद में इस शर्मनाक हरकत का वीडियो भी बनाया गया. बेटे से जुड़े विवाद के चलते पिता के साथ ये बदसलूकी की गई.


आजतक से जुड़े राजेश कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना रायसेन जिले के अगरिया मारखो गांव की है. आरोप है कि 5 मार्च को मालखो टोला का रहने वाला एक शख्स नाबालिग लड़की को लेकर कहीं चला गया था. लड़की विदिशा जिले के शमशाबाद की रहने वाली है. दूसरे दिन 6 मार्च को शमशाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया. दोनों का कुछ पता नहीं चला तो 7 मार्च की सुबह लड़की के रिश्तेदार गाड़ी लेकर लड़के के घर रायसेन पहुंचे.
बुजुर्ग को पहले साथ ले गए फिर…उन्होंने लड़के के पिता बिहारी बंजारा से पहले बहस की, फिर उन्हें पीटा. लड़की को खोजने के बहाने उन्होंने लड़के के पिता को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया. और राजगढ़ जिले के मोतीपुरा गांव ले गए. यहां भी लड़की और लड़के के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो गुस्सा गए. रिश्तेदारों ने उन्हें कथित तौर पर शराब की बोतल में पेशाब भरकर पिलाई. इस घिनौनी हरकत को रिकॉर्ड किया. वीडियो में उन्हें गंदी-गंदी गालियां भी दीं.
इस घटना को करीब एक महीने का वक्त हो चुका है. बिहारी बंजारा ने अपने परिवार के साथ पुलिस चौकी सेण्डोरा में जाकर शिकायत की. 22 अप्रैल को जब ये वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने संज्ञान लिया और पीड़ित बुजुर्ग के घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई. राजगढ़ जिले की पुलिस को भी सूचना दी गई है. 23 अप्रैल को राजगढ़ पुलिस रायसेन पहुंची और पीड़ित को साथ ले जाकर FIR दर्ज कराई गई.
SDOP प्रतिभा शर्मा ने बताया,
'जब हमें मामले की जानकारी मिली तो वरिष्ठ अधिकारियों को इसके बारे में बताया. बुजुर्ग व्यक्ति की तहरीर पर शिकायत दर्ज की गई और राजगढ़ जिले की पुलिस को भी सूचना दी गई. जिसके बाद आरोपियों को पकड़ा गया.'
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक वारदात के वक्त 12 आरोपी थे. इनमें वीडियो बनाने वाले और मारपीट करने वाले दो मुख्य आरोपी थे. जो अब पुलिस की गिरफ्त में हैं.
वीडियो: रायसेन में गौ-तस्करी के शक में मॉब लिंचिंग, 1 की मौत























