The Lallantop

नाबालिग से था प्यार, लड़की के घर वालों ने किडनैप कर इतना पीटा, मौत हो गई

Faridabad Honour Killing Case: परिवार वालों ने बताया कि मोनू एक टैलेंटेड बैडमिंटन प्लेयर थे, जिन्होंने स्टेट लेवल पर अपने स्कूल को रिप्रेजेंट किया था. आरोप है कि बंधक बनाकर मोनू के साथ मारपीट की गई. उन्हें इलाज के लिए एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

Advertisement
post-main-image
मृतक की पहचान मोनू (21) के तौर पर हुई है. (फोटो: ITG)

दिल्ली से सटे फरीदाबाद में एक बैडमिंटन खिलाड़ी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 21 साल के मोनू के तौर पर हुई है, जो राजस्थान के रहने वाले थे. परिवार ने बताया कि मोनू का एक नाबालिग लड़की से प्रेम-संबंध था. आरोप है कि लड़की के परिवार वालों ने उन्हें अगवा कर लिया और उनके साथ मारपीट की. तीन दिन बाद लड़की के घर के बाहर मोनू घायल अवस्था में मिले. उन्हें इलाज के लिए एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है पूरा मामला?

इंडिया टुडे से जुड़े सचिन गौर की रिपोर्ट के मुताबिक, मोनू (21) राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में भिवाड़ी इलाके के सैदपुर गांव के रहने वाले थे. उन्होंने हाल ही में अपनी 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी और करीब 70 फीसदी नंबर पाए थे. परिवार वालों ने यह भी बताया कि मोनू एक टैलेंटेड बैडमिंटन प्लेयर थे, जिन्होंने स्टेट लेवल पर अपने स्कूल को रिप्रेजेंट किया था और डिस्ट्रिक्ट लेवल के टूर्नामेंट में कई मेडल जीते थे.

परिवार के मुताबिक, मोनू फरीदाबाद के तिगांव की एक नाबालिग लड़की के साथ रिलेशनशिप में थे. लड़की के मामा मोनू के गांव यानी सैदपुर में रहते थे. लड़की मामा से मिलने जाती थी. यहीं दोनों की मुलाकात हुई और बाद में उनके बीच रिश्ता बन गया.

Advertisement
'बंधक बनाकर मारपीट की'

मोनू के चाचा नरेंद्र ने आरोप लगाया कि 17 मई को मोनू घर से यह कहकर निकला थे कि वे एक पुराने मामले की जांच में शामिल होने के लिए तिगांव पुलिस स्टेशन जा रहे हैं. परिवार ने दावा किया कि लड़की के परिवार के सदस्यों ने उन्हें किडनैप कर लिया और तीन दिनों तक कैद में रखा. इस दौरान उनके साथ बार-बार मारपीट की गई और उन्हें टॉर्चर किया गया. 20 मई को परिवार को पुलिस से एक फोन आया. उन्हें बताया गया कि मोनू लड़की के पिता कुलभूषण के घर के बाहर घायल हालत में मिले हैं. उन्हें तुरंत इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. परिवार ने आरोप लगाया कि कैद के दौरान मोनू के साथ लगातार मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में पिता ने टेनिस प्लेयर बेटी की गोली मारकर हत्या की, कई मेडल जीतकर नाम रौशन किया था

पुलिस ने क्या बताया?

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने कहा कि अप्रैल में मोनू के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज किया गया था. आरोप था कि वह लड़की को अपने साथ लेकर फरार हो गया है. इसके बाद कुलभूषण ने तिगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने बताया कि लड़की को बाद में बरामद कर लिया गया था, जबकि मोनू फरार चल रहा था.

Advertisement

अधिकारियों ने आगे बताया कि 20 मई को कुलभूषण ने पुलिस को सूचना दी कि मोनू उसके घर पर है. जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो मोनू उन्हें कथित तौर पर गंभीर हालत में मिला, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण और संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और आगे की जांच जारी है 

वीडियो: टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की पिता ने की हत्या, खुद बताई वजह

Advertisement