पंजाब के लुधियाना में 19 साल के एक युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है. युवक का आरोप है कि बकाया वेतन मांगने और नौकरी छोड़ने की रंजिश में उसके पूर्व फैक्ट्री मालिक और साथियों ने उसे जबरन कार में बैठाकर किडनैप कर लिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सैलरी नहीं मिली तो नौकरी छोड़ी, मालिक ने किडनैप कर बंधक बनाया और पिटवाया
Ludhiana में बकाया वेतन मांगने और नौकरी छोड़ने पर 19 साल के युवक के साथ मारपीट की गई. पीड़ित का आरोप है कि पूर्व फैक्ट्री मालिक और उसके साथियों ने उसका किडनैप किया और मारपीट की. समझें पूरा मामला.


आजतक से जुड़े अमन भारद्वाज की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित परवेश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पहले आरोपी की फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम करते थे. करीब एक महीने पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी, क्योंकि उन्हें समय पर पूरी तनख्वाह नहीं मिल रही थी. परवेश का आरोप है कि बकाया वेतन मांगने को लेकर पहले भी उनके साथ मारपीट की गई थी. इसी रंजिश में उनका अपहरण किया गया.
शिकायत के मुताबिक, 16 जून को परवेश अपनी नई कंपनी एचटीएम टूल्स फैक्ट्री में काम पर जा रहे थे. इसी दौरान काले रंग की एक महिंद्रा गाड़ी वहां आकर रुकी. गाड़ी से करन कुमार यादव, रॉनी, अनिल, प्रमेद, राजीव और दो अज्ञात युवक उतरे. आरोप है कि सभी ने मिलकर परवेश को जबरन पकड़ लिया और कार में बैठाकर ले गए.
परवेश के मुताबिक, आरोपी उसे गली नंबर-19 स्थित करन इंडस्ट्री की फैक्ट्री में ले गए, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया. उसने आरोप लगाया कि फैक्ट्री के अंदर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. घटना के दौरान सड़क पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी उसे अपने साथ ले जाने में सफल रहे.
ये भी पढ़ें: इस CEO ने पूरी HR टीम को नौकरी से निकाला, ‘सारी समस्याएं खत्म हो गईं’
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी. थाना साहनेवाल के एसएचओ दलवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है.
वीडियो: अर्बन कंपनी से महिला ने मसाज किया बुक, थोड़ी देर में मारपीट शुरू हो गई

















