बिहार के पटना जिले के ADM (सप्लाई विभाग) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर बिहार विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने छापेमारी की. स्वीटी दानापुर की सब-रजिस्ट्रार हैं. विजिलेंस रेड के दौरान इनके ठिकानों से नोटों की गड्डियां, सोने-चांदी और हीरे के गहने, 48 महंगी घड़ियां और करोड़ों की प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले.
70 लाख कैश, 6 लाख की घड़ियां, ADM के घर से रेड में मिली करोड़ों की संपत्ति
पटना ADM (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी स्वीटी के कुल चार ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में करीब 70 लाख रुपये कैश, करीब 52 लाख रुपये के गहने और 6 लाख रुपये कीमत की 48 घड़ियां बरामद हुई हैं.

28 सितंबर को पटना और बेगूसराय में कुल चार ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में करीब 70 लाख रुपये कैश, करीब 52 लाख रुपये के गहने और 6 लाख रुपये कीमत की 48 घड़ियां बरामद हुई हैं. साथ ही सात प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. इन संपत्तियों की कीमत करीब 2.92 करोड़ रुपये बताई जा रही है. मामला 25 सितंबर को दर्ज आय से अधिक संपत्ति केस से जुड़ा है.
इसके बाद विजिलेंस को कोर्ट से सर्च वारंट मिला और 28 सितंबर को चार जगहों पर एक साथ तलाशी ली गई.
पटना के रूपसपुर इलाके के कश्यप ग्रीन सिटी स्थित फ्लैट से करीब 70.53 लाख रुपये कैश मिला. वहीं बेगूसराय स्थित पैतृक घर से करीब 9.44 लाख रुपये बरामद हुए. यानी कुल कैश करीब 79.98 लाख रुपये रहा. नोटों की गिनती के लिए मशीन तक मंगानी पड़ी. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय बिहार के ADG जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि इस मामले में FIR दर्ज की गई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है.
अब बात प्रॉपर्टी की. विजिलेंस के मुताबिक, जांच में पति-पत्नी के नाम 2017 से 2026 के बीच खरीदी गई सात प्रॉपर्टी का पता चला है. इनमें दानापुर में दो फ्लैट और फुलवारी शरीफ और बेगूसराय में पांच प्लॉट शामिल हैं. इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.92 करोड़ रुपये बताई गई है. अधिकारियों के मुताबिक इन संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत अलग हो सकती है, जिसका आकलन जांच के दौरान किया जाएगा.

विजिलेंस की जांच सिर्फ जमीन और मकानों तक सीमित नहीं है. तलाशी में LIC निवेश से जुड़े दस्तावेज और SBI के दो बैंक खातों से संबंधित कागजात भी मिले हैं. इन बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया चल रही है. इसके अलावा तीन AC, Godrej के सामान और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक आइटम की खरीद से जुड़े बिल और एक SUV भी जांच के दायरे में आई है.
विजिलेंस ने इस मामले में पति-पत्नी के खिलाफ करीब 1.06 करोड़ रुपये की कथित आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है. एजेंसी का कहना है कि दोनों की जितनी कमाई का हिसाब मिला, उससे करीब 47 फीसदी ज्यादा संपत्ति उनके पास पाई गई है.
ये भी पढ़ें: असली इनकम टैक्स अफसर डालते थे नकली रेड, बिजनेसमैन को एक बात पर हुआ शक, पकड़े गए
ADM रविंद्र कुमार दिवाकर कौन हैं?रविंद्र कुमार दिवाकर ने अपने करियर की शुरुआत शिक्षक के तौर पर की थी. इसके बाद 2010 में बिहार प्रशासनिक सेवा में आए. अलग-अलग जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालने के बाद वह गयाजी में SDM और सारण में DPRO भी रह चुके हैं. अक्टूबर 2025 से वह पटना में ADM सप्लाई के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं.
उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं. उन्होंने तेघड़ा, हवेली खड़गपुर और सकरा में सेवा दी. 2024 में उनकी पोस्टिंग दानापुर में जिला सब-रजिस्ट्रार के तौर पर हुई. अब इस पूरे मामले में विजिलेंस की जांच आगे बढ़ेगी. बरामद कैश, गहनों, घड़ियों, प्रॉपर्टी और निवेश से जुड़े दस्तावेजों का मिलान दोनों अधिकारियों की ज्ञात आय और वित्तीय रिकॉर्ड से किया जाएगा.
वीडियो: छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी के हाथ में कौन सी फाइल थी? कोर्ट तक बात पहुंच गई









