The Lallantop

आंध्र प्रदेश: बाहर निकल रही थी महिला तभी लिफ्ट चली गई नीचे, दर्दनाक हादसे में हुई मौत

आंध्र प्रदेश के ओंगोल में 50 साल की महिला की लिफ्ट हादसे में मौत हो गई. महिला बेटी और नाती के साथ लिफ्ट में थीं. दोनों पहले लिफ्ट से बाहर निकले इसके बाद जैसे ही महिला बाहर निकलीं, लिफ्ट अचानक नीचे चली गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
post-main-image
लिफ्ट अचानक नीचे जाने की वजह से महिला की जान चली गई (PHOTO- सांकेतिक तस्वीर/India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • आंध्र प्रदेश के ओंगोल के सूर्या टावर्स बिल्डिंग में लिफ्ट की खराबी के कारण 50 वर्षीय महिला वनिता की मौत हो गई, जब लिफ्ट उनके कदम रखते ही नीचे जाने लगी।
  • इस हादसे का कारण लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था, मेंटेनेंस और तकनीकी खराबी या लापरवाही की संभावना है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
  • यह घटना बिल्डिंगों में लिफ्ट सुरक्षा और रख-रखाव के नियमों की समीक्षा तथा कड़ाई से पालन की मांग को बढ़ाएगी।

आंध्र प्रदेश के ओंगोल में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक बिल्डिंग में लिफ्ट की खराबी की वजह से एक महिला की जान चली गई. इस घटना ने बिल्डिंग्स में लिफ्ट के मेंटेनेंस और लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. हाई राइज बिल्डिंग में लिफ्ट की सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा है. नोएडा और दूसरे शहरों में भी लिफ्ट गिरने से लेकर कई तरह की परेशानी हो चुकी है.

Advertisement

ओंगोल के सूर्या टावर्स नाम की बिल्डिंग में यह हादसा हुआ. मृतक की पहचान वनिता के तौर पर हुई है. उनकी उम्र 50 साल बताई जा रही है. मृतक के साथ उनकी बेटी और नाती भी बिल्डिंग में रहते थे. वनिता दोनों के साथ लिफ्ट में थीं. इसी दौरान लिफ्ट के सिस्टम में कुछ खराबी आ गई. एक फ्लोर पर लिफ्ट रुकते ही वनिता की बेटी और बच्चा बाहर आ गए.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट कहती है कि इसी दौरान लिफ्ट खराब हो गई. जैसे ही वनिता ने लिफ्ट से बाहर कदम रखना चाहा, वैसे ही लिफ्ट नीचे जाने लगी. ये सब इती तेजी से हुआ कि वनिता को संभलने का मौका नहीं मिला. वो लिफ्ट में ही फंस गई. और इस वजह से वो गंभीर रूप से घायल हो गईं. शोर सुनकर मदद के लिए लोग आए, लेकिन कुछ कर नहीं सके. पूरी घटना बिल्डिंग के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई.

Advertisement

सोसाइटी के लोग तुरंत उन्हें इमरजेंसी ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल ले गए. लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. उनकी हालत और बिगड़ गई. बाद में इलाज के दौरान चोटों की वजह से उनकी मौत हो गई.

(यह भी पढ़ें: लिफ्ट का ब्रेक फेल हुआ, ऊपर की ओर तेजी से उठी और छत तोड़ दिया, नोएडा की सोसायटी में 3 घायल)

लिफ्ट सेफ्टी पर सवाल

घटना बड़े अपार्टमेंट्स में लिफ्ट की सुरक्षा, मेंटेनेंस और वहां मौजूद सुरक्षा सिस्टम के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाती है. लिफ्ट के अचानक नीचे जाने की क्या वजह थी, यह अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है. पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या लिफ्ट ऑपरेट करने के लिए जरूरी सुरक्षा और मेंटेनेंस की जांच हुई थी? किसी लापरवाही या तकनीकी खराबी की वजह से लिफ्ट नीचे गई. कारण जो भी हो, इस घटना ने लिफ्ट्स की सुरक्षा को लेकर निश्चित ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

वीडियो: अस्पताल में लिफ्ट गिरी, डिलिवरी के बाद महिला की मौत, स्टाफ गायब!

Advertisement