उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिन दहाड़े हुए मर्डर केस से हड़कंप मच गया है. एक शख्स ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह सीधे घर पहुंचा और अपनी बहन को गोली मार दी. फिर खुद को भी गोली मार ली. तीनों की मौत हो गई है. मृतक दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थीं. गुरुवार, 20 अगस्त की दोपहर आरोपी पति मानस बाजपेयी बैंक पहुंचा और पत्नी दिव्या मिश्रा को बाहर बुलाया. थोड़ी देर उनसे बातचीत की, फिर गोली मारकर फरार हो गया.
पत्नी और बहन को दिन दहाड़े मारी गोली, फिर ली अपनी भी जान, डबल मर्डर से लखनऊ में हड़कंप!
Lucknow में एक शख्स ने बैंक के बाहर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने घर जाकर अपनी बहन को भी गोली मार दी. आखिर में उसने खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी. क्या है पूरा मामला?

आजतक से जुड़े अंकित मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वारदात लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर थाना क्षेत्र में हुई है. दिव्या मिश्रा आलमबाग में रहती थीं. उनका अपने पति मानस बाजपेयी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. वह खुद भी भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का एक कर्मचारी था. मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है.
जानकारी के मुताबिक, दिव्या ने एक साल पहले पति मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी. यह विवाद फैमिली कोर्ट में विचाराधीन था. 20 अगस्त को आरोपी ने बैंक के बाहर ही दिव्या पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं.
दिव्या यूट्यूबर और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं. प्रज्ञा डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म 'उल्टा चश्मा यूसी' और 'प्रज्ञा का पन्ना' की संस्थापक और मुख्य एंकर हैं. घटना के तुरंत बाद फेसबुक पर उन्होंने लिखा,
"अभी अभी फोन आया गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गई है....लोहिया में है ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे."
सूचना मिलते ही गोमतीनगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल दिव्या को लोहिया संस्थान पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर करंट लगाकर मार डाला, जमीन के लालच में पति ने हद पार कर दी
बहन को गोली मारकर खुद को गोली मारी
इसके बाद आरोपी मानस सीधे घर पहुंचा. अंदर जाने के बाद कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और बहन सीमा बाजपेयी को गोली मार दी. फिर खुद को भी गोली मार ली. सुसाइड से पहले आरोपी ने वॉट्सऐप पर स्टेटस लगाया था. इसमें लिखा था,
“मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी, क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया था. अब मुझे खुद को और अपनी बहन को भी मारना है. मेरी पत्नी की बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव को सब कुछ पता है.”

मानस बाजपेयी के पड़ोसी अंकुर ने बताया कि वॉट्सऐप स्टेटस देखने के बाद उन्होंने मृतक को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई. इसके बाद पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खटखटाया. जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो तीन-चार लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुए. अंदर पहुंचने पर दोनों भाई-बहन मृत अवस्था में पड़े मिले. पड़ोसी अंकुर ने बताया कि मृतक की बहन का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसका काफी सालों से इलाज चल रहा था.
पुलिस ने क्या बताया?जॉइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने बताया,
"ICICI बैंक के पास एक महिला को गोली मार दी गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जांच में पता चला है कि महिला के पति ने अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी अपनी जान ले ली. मरने से पहले उसने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपनी जान लेने की बात लिखी थी."
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है. मामले की जांच जारी है.
वीडियो: आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा













