सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अक्सर रिश्वत लेते समय ये नहीं सोचते कि इसका नतीजा क्या होगा. और जब पकड़े जाते हैं, तब शुरू होता है टेंपल रन का खेल. टेंपल रन में तो रास्ते खत्म नहीं होते, लेकिन असल जीवन में ऐसा नहीं है. ऐसा ही कुछ हुआ है ओडिशा के संबलपुर जिले में. यहां पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर ने पहले 10 हजार रुपये की रिश्वत ली. पर तभी वहां विजिलेंस की टीम ने छापा मार दिया. विजिलेंस टीम की पकड़ से बचने के लिए सब-इंस्पेक्टर ने एक तालाब में छलांग लगा दी. हालांकि, अधिकारियों ने पानी में उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया.
सब-इंस्पेक्टर 10 हजार की रिश्वत ले रहा था, विजिलेंस को देखते तालाब में कूदा, तैरकर पकड़ा
ओडिशा के संबलपुर में सब-इंस्पेक्टर सुजीत कुमार महंता ने एक मामले को रफा-दफा करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. पैसे लेते ही विजिलेंस टीम ने उसे घेर लिया. बचने के लिए वह तालाब में कूद गया, लेकिन टीम ने पानी में उतरकर उसे पकड़ लिया.

ये पूरी घटना संबलपुर जिले के महुलपाली पुलिस स्टेशन में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुजीत कुमार महंता से जुड़ी है. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक सुजीत महंता को एक शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है. रिपोर्ट के मुताबिक SI सुजीत ने शिकायतकर्ता पर दर्ज एक मामले को सुलझाने के लिए यह रिश्वत ली थी. विजिलेंस के एक अधिकारी ने बताया कि महंता ही इस मामले के जांच अधिकारी यानी Investigating Officer (IO) थे.
पुलिस को देखते ही तालाब में कूद पड़ाजब SI महंता ने शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी, तो विजिलेंस टीम को इसकी खबर मिली. पता चला कि SI सुजीत ने मामले को रफा-दफा करने के लिए 10 हजार रुपये मांगे हैं. रिश्वत लेने के लिए SI सुजीत ने शिकायतकर्ता को पुलिस स्टेशन के बाहर एक सुनसान जगह पर बुलाया था. जैसे ही उसने पैसे लिए, वैसे ही विजिलेंस टीम ने उसे घेर लिया. लेकिन विजिलेंस टीम को देखते ही सब-इंस्पेक्टर वहां से भागने लगा. जब अधिकारियों ने उसका पीछा किया, तो वह पास के ही एक तालाब में कूद गया.
(यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार पर 2 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप, 20 साल पुराने मामले की जांच शुरू)
अधिकारी ने बताया कि विजिलेंस की टीम भी तालाब में उतरी और उसे पकड़ लिया. इसके बाद, उसके ऑफिस, सरकारी क्वार्टर और अन्य जगहों की तलाशी ली गई. इस दौरान, पुलिस स्टेशन से सटे उसके कमरे से 1 लाख 55 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. अधिकारियों ने बताया कि महंता के खिलाफ 'भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम' (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच चल रही है.
वीडियो: 10 लाख की रिश्वत का आरोपी IAS बना Revenue Deputy Secretary













