हरियाणा के नूंह में बकरीद की नमाज के बाद का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में मौजूद लगभग हर शख्स के हाथ में लाठी, ईंट-पत्थर नजर आ रहा है. काफी देर तक मारपीट चलती रही. पत्थर, डंडा, फरसा...सब चला. जिसके हाथ में जो आया, उसने उसी से हमला किया. इस हंगामे के बाद 12 लोग अस्पताल पहुंच गए. किसी का सिर फट गया, तो किसी का हाथ टूट गया. मारपीट में एक गर्भवती महिला भी बुरी तरह घायल हुई है.
हरियाणा: नूंह में बकरीद की नमाज के बाद भारी बवाल, घायलों में एक गर्भवती महिला भी
Nuh Haryana Clash: हरियाणा के नूंह में बकरीद की नमाज के बाद भारी बवाल हो गया. मारपीट में एक गर्भवती महिला के घायल होने की खबर है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है.


मामला नूंह के सिंगार गांव का है. आजतक से जुड़े पत्रकार कासिम खान की रिपोर्ट के मुताबिक, ये झगड़ा दो अलग-अलग समुदायों के बीच हुआ है. एक पक्ष बकरीद की नमाज के बाद अपने घर लौटा और उसके बाद हंगामा शुरू हो गया. इस मामले में शाहरुख नाम के एक व्यक्ति का बयान भी सामने आया है. शाहरुख का आरोप है कि झगड़ा प्री-प्लांड था. उसने बताया कि नमाज के बाद वो घर पर खाना खा रहा था, तभी दूसरे गुट ने हमला कर दिया. पीड़ित का आरोप है कि उसके घर पर एक महिला 5 महीने की गर्भवती है, और इस मारपीट में वो भी घायल हो गई. शाहरुख ने कहा,
मेरा भाई घायल है, मेरी भाभी भी घायल हैं. वो पांच महीने की गर्भवती हैं. ये हमसे पुरानी दुश्मनी निकाल रहे हैं. पहले से विवाद था, वो दुश्मनी इन्होंने आज हमसे निकाल ली. हमें इंसाफ चाहिए. हम तो अपने घर आकर खीर खा रहे थे. झगड़े की कोई जरूरत नहीं थी. हम तो वहां से दूर रहते हैं.
पीड़ित और गांव वालों ने बताया कि पंचायत चुनाव के बाद से ही दोनों पक्षों में झगड़ा चला आ रहा है. इससे पहले भी कई बार दोनों में लड़ाई हुई है. बकरीद वाले दिन भी हल्की बहस शुरू हुई थी, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई. रिपोर्ट के मुताबिक, झगड़े की जानकारी मिलते ही पुलिस गांव पहुंच गई थी. लेकिन, तब तक कई लोग बुरी तरह से घायल हो चुके थे. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. जतिन बेनीवाल ने बताया कि कुछ लोगों की हालत गंभीर है. उन्होंने कहा,
हमारे पास करीब 6-7 केस आए हैं. किसी के पेट में चोट है, किसी के सिर में चोट है, किसी के जबड़े में चोट है. एक व्यक्ति सीरियस है जिसके सिर में चोट है. उन्हें रेफर किया जा रहा है.
वहीं, इस मामले पर जानकारी देते हुए बिचोर पुलिस स्टेशन के SHO सुखबीर ने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से शिकायत नहीं मिली है. अगर कोई शिकायत दर्ज कराता है तो आगे का एक्शन लिया जाएगा. घायलों का इलाज हो रहा है. फिलहाल मामला शांत है. इसके अलावा नूंह के ही एक और गांव निजामपुर से भी हिंसा की खबर आई. यहां भी दो पक्षों के झगड़े में कई लोग घायल हो गए. इस केस में भी किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई. लेकिन, एहतियात के तौर पर पुलिस बल लगाया गया है.
वीडियो: हरियाणा चुनाव यात्रा: नूंह के दुकानदारों ने लल्लनटॉप को ये बताया





















