उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-75 में गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी के एक फ्लैट में छत का बड़ा हिस्सा गिर पड़ा. इस घटना में किसी को हानि नहीं पहुंची है क्योंकि घटना के वक्त कमरे में कोई मौजूद नहीं था. लेकिन इस घटना के वीडियो ने लोगों के मन में चिंता पैदा कर दी है. सोसाइटी के प्लॉट नंबर-9 स्थित टावर C-2 के फ्लैट नंबर 1814 में ये घटना घटी है.
जान भी जा सकती थी... नोएडा की सोसाइटी के फ्लैट की छत गिरी, बाल-बाल बचा शख्स
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. छत का एक हिस्सा बेड पर गिर गया. गनीमत रही कि उस समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था. वीडियो भी सामने आया है.


आजतक से जुड़े भूपेंद्र चौधरी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना से कुछ देर पहले एक शख्स कमरे में मौजूद था. जब वो पानी पीने कमरे से बाहर गया तब ये घटना घटी. इस घटना के बाद से बिल्डिंग में लगे मटीरियल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बेड पर कंक्रीट का बड़ा हिस्सा गिरा हुआ है. अब सोसाइटी के लोगों की मांग है कि पूरी बिल्डिंग की जांच होनी चाहिए.
रिपोर्ट के मुताबिक, सोसाइटी निवासियों का कहना है कि इस तरह की शिकायत पहले भी सामने आई है. कई जगह दीवारों में दरारें, प्लास्टर गिरने और बालकनी के क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें मिली हैं. उनका आरोप है कि इन शिकायतों के बावजूद बिल्डर ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.
अब निवासियों ने इस मामले को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से पूरे गार्डेनिया गेटवे परिसर का तत्काल स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है. इसके अलावा जहां-जहां कमियां देखी गईं हैं उन्हें तुरंत ठीक कराने की भी मांग की है.
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में घर खरीदना होगा महंगा, सर्किल रेट बढ़ने से कितना पड़ेगा जेब पर असर?
इस फ्लैट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जिसपर ऑनलाइन यूज़र्स का भी गुस्सा फूटा. यूज़र्स ने रियल एस्टेट बिज़नेस से लेकर प्रशासन की कोताही तक सब पर निशाना साधा. नितिन नाम के एक यूजर ने कमेंट कर लिखा,
‘पब्लिक सेक्टर को भूल जाइए. करप्शन तो हर जगह है. आप प्राइवेट सोसाइटी ये सोच के जाते हैं कि पैसे भले ज्यादा लग जाएं लेकिन क्वालिटी मिलेगी. अब देख लीजिए. यहां किसी की जान भी जा सकती थी.’

आशीष नाम के दूसरे यूजर ने लिखा, ‘नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बिल्डर केवल लूटना जानते हैं.’
एक यूजर ने तंज़ करते हुए कहा कि जो डॉक्टर लोगों की जान बचाते हैं, उन पर कार्रवाई हो जाती है जबकि बड़े-बड़े बिल्डर बड़ी आसानी से बच जाते हैं.
वीडियो: नोएडा के सबसे बड़े फर्नीचर मार्केट में आग, चश्मदीदों ने क्या बताया?











