मेडिकल की NEET-UG परीक्षा भी अब इंजीनियरिंग की JEE की तरह दो चरणों में हो सकती है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के सिस्टम को सुधारने के लिए केंद्र सरकार इस बड़े बदलाव पर विचार कर रही है. सरकार का मानना है कि इस नए पैटर्न से पेपर लीक होने जैसी गड़बड़ियां रुकेंगी और एग्जाम पूरी तरह सुरक्षित होगा. सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर यह जानकारी दी है.
NEET-UG एग्जाम में JEE जैसे बदलाव की तैयारी, सरकार ने पूरा प्लान बता दिया
पेपर लीक रोकने के लिए केंद्र सरकार NEET-UG परीक्षा को JEE की तरह दो चरणों में कराने पर विचार कर रही है. इसके अलावा भी कई बदलाव करने की तैयारी है. सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर जानकारी दी है. पूरी प्लानिंग बताई है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने 3 अगस्त को NTA के ढांचे में सुधार की जरूरत से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई की. इस दौरान सरकार ने अदालत में एक हलफनामा दाखिल किया. हलफनामे में NEET-UG एग्जाम से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई. इसमें कहा गया,
"भविष्य में यह परीक्षा पेन-पेपर मोड (OMR शीट) के बजाय कंप्यूटर पर (ऑनलाइन) ली जा सकती है. साथ ही, सरकार इस बात पर भी गंभीरता से विचार कर रही है कि इसे साल में एक बार कराने के बजाय इंजीनियरिंग की JEE परीक्षा की तरह दो चरणों (मेन्स और एडवांस) में आयोजित किया जाए."
सरकार ने कहा कि अंतिम फैसला नंदन नीलेकणि की अगुवाई वाली एक्सपर्ट टीम (टास्क फोर्स) की सलाह के आधार पर ही लिया जाएगा. इस हाई-पावर्ड कमेटी का गठन परीक्षा सिस्टम को पूरी तरह सुधारने के लिए किया गया था. इसमें टेक्नोलॉजी, स्पेस, इंटेलिजेंस, एकेडेमिया और पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन जैसे क्षेत्रों के एक्सपर्ट शामिल हैं.
NTA ये बड़ा बदलाव भी करेगा!केंद्र ने बताया कि NTA ने हाल ही में अपनी आठ बड़ी परीक्षाओं में से सात को कंप्यूटर-बेस्ड टेस्टिंग (CBT) में बदल दिया है. ये कई सेशन और कई दिनों तक चलती हैं. इनमें JEE (Main), CUET (UG), CUET (PG), UGC-NET और CSIR-NET शामिल हैं. सरकार ने बताया कि NEET (UG) अभी भी NTA की एकमात्र ऐसी बड़ी परीक्षा है जो पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित की जाती है.
ये भी पढ़ें: पिता बीनते हैं कबाड़, बेटे ने पास की NEET परीक्षा, अब बनेगा डॉक्टर
सरकार ने हलफनामे में यह भी कहा कि वह परीक्षा के तरीके या पैटर्न में किसी भी बदलाव के बारे में उम्मीदवारों को पहले ही जानकारी देने के लिए तैयार है. ताकि कोई भी बदलाव आसानी और बिना किसी तनाव के हो सके. कोर्ट इस मामले पर 6 अगस्त को सुनवाई करेगा.
वीडियो: फास्ट-ट्रैक कोर्ट में नीट पेपर लीक की पहली सुनवाई में ही नहीं आए वकील









