इजरायल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना (Tel-Aviv-Vienna flight) जा रही ऑस्ट्रियन एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसके बाद प्लेन की बुल्गारिया (Bulgaria) की राजधानी सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. घटना रविवार 18 अक्टूबर की शाम की है. फ्लाइट में 51 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स थे. हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि धमकी किसने दी थी और इसके पीछे क्या वजह थी.
तेल-अवीव से वियना जा रही फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप!
इजरायल से ऑस्ट्रिया जा रही एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इसके बाद फ्लाइट की बुल्गारिया में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. बुल्गारिया की वायुसेना के लड़ाकू विमान ने फ्लाइट को सुरक्षा भी दी. हालांकि अब तक साफ नहीं हुआ है कि धमकी किसने दी.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी मिलने के बाद बुल्गारिया की वायुसेना के लड़ाकू विमान ने फ्लाइट को सुरक्षा दी. प्लेन के सोफिया एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया. इस घटना की जानकारी बुल्गारिया परिवहन एवं संचार मंत्रालय ने दी थी.
मंत्रालय ने बताया कि फ्लाइट एयरबस A320 जब रोमानिया के सरहद पर थी तभी बम की धमकी मिल चुकी थी. इसके बाद क्रू ने सोफिया लैंड करने का तय किया. मंत्रालय ने बताया कि तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत वायुसेना का एक फाइटर जेट उड़ान भरकर प्लेन के साथ गया. उसने सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग होने तक फ्लाइट को सुरक्षा दी.
फ़्लाइटअवेयर के मुताबिक, फ्लाइट ने रविवार को लोकल टाइम के हिसाब से शाम 6:46 बजे इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी. फिर रात 9:43 बजे सोफ़िया के वासिल लेव्स्की हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई. फ़्लाइटराडार24 के फ़्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि विमान रात लगभग 9:10 बजे रोमानिया के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ. इसके बाद दक्षिण की ओर बुल्गारिया की तरफ मुड़ गया.
बुल्गारिया के सरकारी टेलीविजन बीएनटी के मुताबिक, अब मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के होंगे टुकड़े-टुकड़े? आसिम मुनीर ने ही बनाया अपने देश को तोड़ने का प्लान
ये घटना तेल अवीव जा रही एक 'फ्लाईदुबई' उड़ान से जुड़ी एक अन्य घटना के कुछ हफ्तों बाद हुई है. 30 सितंबर को हुई इस घटना में को-पायलट ने कथित तौर पर पायलट पर एक्स (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया था. जिसके बाद विमान को सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया गया और वहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई.
बाद में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने बताया कि को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर क्रैश करने की योजना बनाई थी. इस घटना में भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने 170 से ज्यादा यात्रियों की जान बचाई थी.
वीडियो: दुनियादारी: इजरायल ने गजा को 77 साल पीछे कर दिया, इंतकाम कब पूरा होगा?









