The Lallantop

चंद्रनाथ रथ की मां हत्यारों के लिए नहीं चाहतीं मौत की सजा, वजह भावुक कर देगी

सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की 6 मई की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई. उनकी मां ने इस हत्या के लिए TMC को जिम्मेदार बताया है. इस घटना के बाद से पुलिस ने राज्य भर में 433 लोगों को गिरफ्तार किया है और 1,100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है. जांच अधिकारियों ने इस हत्या के मामले में 200 से ज्यादा FIR भी दर्ज की है.

Advertisement
post-main-image
चंद्रनाथ रथ की मां ने TMC पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है. (इंडिया टुडे)

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में 6 मई की देर रात बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. चंद्रनाथ रथ की मां ने TMC पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि ये भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार का बदला है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी प्लानिंग करके उनके बेटे की हत्या की गई है. बेटे को याद करते हुए वो भावुक हो गईं. उन्होंने कहा,

 मैं चाहती हूं कि दोषियों को सजा मिले. मैं एक मां हूं और मां होने के नाते किसी के लिए मौत की सजा नहीं मांग सकती. मैं चाहती हूं कि उन्हें (आरोपियों को) उम्रकैद की सजा मिले.

Advertisement

चंद्रनाथ की मां ने अपने बेटे पर हुए हमले को राजनीति से प्रेरित बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनका परिवार साल 2021 से ही खतरे में है, जब सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम से हराया. हसीरानी रथ ने TMC पर निशाना साधते हुए कहा, 

उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि बीजेपी सत्ता में आई. सत्ताधारी दल के नेता भड़काऊ बयान दे रहे थे, हमें धमका रहे थे. उन्होंने कहा था कि 4 मई के बाद हमें दिल्ली का कोई भी बचा नहीं पाएगा. अब उन्होंने दिखा दिया है कि उनका क्या मतलब था. 

इंडियन एयर फोर्स के पूर्व ऑफिसर चंद्रनाथ रथ, पिछले कई सालों से सुवेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे. 6 मई की देर रात नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के पास उन पर हमला किया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रथ अपनी स्कॉर्पियो एसयूवी से ट्रैवल कर रहे थे, तभी एक सैंट्रो कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया. इससे उनकी गाड़ी की रफ्तार स्लो हो गई. इसके कुछ ही सेकेंड बाद मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने कथित तौर पर उन पर करीब से गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए.

Advertisement

मामले की जांच कर रहे अधिकारियों के मुताबिक चंद्रनाथ रथ को सीने, पेट और सिर में करीब दस गोलियां लगी थीं. उनको तुरंत एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया.

इस घटना के बाद से पुलिस ने राज्य भर में 433 लोगों को गिरफ्तार किया है और 1,100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है. जांच अधिकारियों ने इस हत्या के मामले में 200 से ज्यादा FIR भी दर्ज की हैं. फिलहाल पुलिस तीन क्रिमिनल रिकॉर्ड वाले अपराधियों से पूछताछ कर रही है, हालांकि हमलावर अभी भी फरार हैं. 

इस हत्या के बाद TMC और बीजेपी में जुबानी जंग तेज हो गई है. बीजेपी नेता अर्जुन ने TMC के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है, वहीं TMC की ओर से इन आरोपों का पुरजोर खंडन किया गया है. 

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: बंगाल में TMC के दफ्तरों में किसने आग लगाई?

Advertisement