यूपी की राजधानी लखनऊ में छात्रों से भरे स्कूली वैन में कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है कि हमला करने वाले लोग कांवड़ियों की ड्रेस में थे. इस अचानक हमले से गाड़ी में बैठे बच्चे सहम गए. इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंची. लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए थे. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और हमलावरों की तलाश में जुटी है.
वैन में स्कूली बच्चे बैठे थे, 'कांवड़ियो' ने पत्थर बरसा दिए, पुलिस ने ये बताया
लखनऊ के चौक इलाके में छात्रों से भरी एक स्कूल वैन पर कुछ अज्ञात युवकों ने पथराव कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जबकि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

इंडिया टुडे से जुड़े अंकित मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, सावन के पहले सोमवार (3 अगस्त) पर राजधानी लखनऊ के चौक थाना इलाके में एक स्कूल वैन पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया. घटना के वक्त वैन में स्कूली बच्चे सवार थे. अचानक हुए पथराव से बच्चे डर गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ युवक बाइक से गुजर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने स्कूल वैन को निशाना बनाते हुए उस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. पथराव से वैन में बैठे बच्चे सहम गए और आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि घटना के दौरान राहगीरों ने बीच-बचाव की कोशिश की, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
ये भी पढ़ेंः पेशाब के लिए गाड़ी नहीं रोकने दी, गुस्साए ड्राइवर ने सरकारी अफसर की रॉड मारकर हत्या कर दी
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि घटना में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है. डीसीपी ने आगे बताया कि चौक थाने के चरक चौराहे के पास आज सुबह अज्ञात वाहन चालकों ने एक स्कूली वैन में तोड़फोड़ की. इस सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन वो वाहन चालक वहां से फरार हो चुके थे. इस संबंध में एफआईआर दर्ज किया गया है. दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: बिहार में किसान जिंदा मगरमच्छ लेकर थाने पहुंच गया













