तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर 6 और 7 नवंबर की दरमियानी रात को हंगामा हुआ. इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और TMC समर्थकों के बीच झड़प हुई. TMC का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने सांसद के घर के बाहर पत्थरबाज़ी की, पोस्टर फाड़े और उपद्रव किया. अगले दिन यानी 7 नवंबर को ममता बनर्जी भतीजे अभिषेक बनर्जी के घर पहुंचीं. तभी उन्होंने मीडिया से बात करते हुए भाजपा को खुली चुनौती दे दी.
'दम है तो मेरे ऊपर बुलडोज़र चलाओ,' अभिषेक के घर पर हमला हुआ, तो ममता बनर्जी ने BJP को ललकारा
6 और 7 नवंबर की दरमियानी रात को TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर BJP और TMC समर्थकों के बीच झड़प हुई. आरोप है अभिषेक के घर पर पत्थरबाज़ी भी हुई. अब ममता बनर्जी ने इस घटना के बारे में बात करते हुए भाजपा को खुली चुनौती दे दी है.

ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी के घर जाकर उनका हालचाल जाना. इसके बाद ममता मीडिया से मुखातिब हुईं, और BJP को ललकारते हुए बोलीं,
‘अगर आपके अंदर बुलडोज़र चलाने की हिम्मत है तो रात को तीन बजे हमारी ‘काली पूजा’ की तैयारियों पर क्यों अटैक कर रहे हो? कितने बुलडोज़र हैं आपके पास? आओ हमारे सीने पर, हमारे शरीर पर चला दो. अगर हिम्मत है तो हमपर बुलडोज़र चलाओ. मैं यहीं हूं.’
ये बयान तब आया, जब अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि BJP समर्थित गुंडों ने रात करीब 2 बजे कालीघाट रोड स्थित उनके घर पर हमला कर दिया. उन्होंने इस घटना को जानलेवा हमला बताया. ममता बनर्जी ने अपने बयान में ये भी आरोप लगाया कि ‘काली पूजा’ की तैयारियों में भी भाजपा समर्थकों ने दखल दिया.
ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी दिल्ली पहुंचीं और बवेला हो गया, बंग भवन पहुंची पुलिस से बहस हो गई
अभिषेक बनर्जी के घर पर हमलाअभिषेक बनर्जी ने अपने X हैंडल से पोस्ट कर इस हमले के बारे में बताया. उन्होंने कुछ वीडियो और तस्वीरें भी शेयर कीं. उन्होंने लिखा,
लगातार दो दिनों तक रेकी करने के बाद, आज रात 2 बजे BJP के गुंडों ने मेरे घर पर हमला कर दिया. फुटेज देखिए, आप खुद समझ जाएंगे. अगर एक चुने हुए सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो सोचिए पश्चिम बंगाल में आम आदमी का क्या हाल होगा. पिछले छह महीनों में मुझ पर जानलेवा हमले की यह सातवीं कोशिश है. फिर भी, न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की है और न ही अदालत की ओर से कोई दखल दिया गया है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जब BJP और TMC के समर्थकों के बीच झड़प हुई, तो पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया. इस दौरान अभिषेक बनर्जी और पुलिस के बीच उनके आवास के बाहर तीखी बहस भी हुई. इस बहस के बाद, TMC सांसद ने कुछ देर के लिए धरना भी दिया.
इससे पहले सांसद ने 6 नवंबर को भी एक पोस्ट किया था. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग उस लोकेशन पर नज़र रख रहे थे और उनकी मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर पता चल गया है. इसके विजुअल्स भी उन्होंने अपने पोस्ट में शेयर किए. उन्होंने कोलकाता पुलिस, पश्चिम बंगाल पुलिस और गृह मंत्रालय को टैग करते हुए सवाल भी किया था.
भाजपा के मंत्री का तंजअभिषेक बनर्जी के इस दावे पर पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप घोष का बयान आया है. उन्होंने मज़ाक उड़ाते हुए कहा,
ये पहली बार है जब हमने किसी नेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते देखा है. अगर कोई हंगामा करेगा, तो प्रतिक्रिया तो होगी ही. वैसे भी, अभिषेक बनर्जी को मारने के लिए किसके पास समय है? उनके पास अब कहने या करने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वे इस मुद्दे को उठाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.
घटना के बाद कोलकाता पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 को सख्ती से लागू कर दिया है.
वीडियो: ममता बनर्जी की भतीजी घर में मृत मिली, उन पर क्या थे आरोप?











