The Lallantop

फरीदाबाद पार्किंग विवाद में सिंगापुर से आए शख्स की गोली मारकर हत्या, पड़ोसी ने चलाईं 16 गोलियां

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में 6 नवंबर की रात एक शख्स की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि पार्किंग विवाद के चलते पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से करीब 15-16 राउंड की फायरिंग की.

Advertisement
post-main-image
परमजीत की हत्या का आरोप उनके पड़ोसी पर लगा है. (Courtesy: ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर 21-C में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा ने परमजीत धनखड़ पर कई राउंड गोली चलाई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
  • पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले से नोकझोंक चल रही थी, और पांच दिन पहले कुत्ते को लेकर हुए विवाद के बाद तनाव और बढ़ गया था जो इस घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
  • पुलिस ने आरोपी मोहन के खिलाफ सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, साथ ही मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर जांच जारी है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।
author-image
सचिन गौर

हरियाणा के फरीदाबाद में कार पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि एक शख्स की मौत हो गई. मृतक का नाम परमजीत धनखड़ है, जिनकी उनके ही पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी. घटना 6 नवंबर की रात की है. आरोप है कि पड़ोसी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 15-16 राउंड फायरिंग की. इनमें से 8-9 गोलियां परमजीत को लगीं. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े सचिन गौर की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना फरीदाबाद के सेक्टर 21-C की है. आरोपी की पहचान मोहन उर्फ ​​मोनू शर्मा के रूप में हुई है. उसने कार पार्क करने को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर परमजीत पर गोली चला दी. इसके बाद वो अपने परिवार के साथ फरार हो गया. पुलिस की टीमें अब उसकी तलाश कर रही हैं. 

शादी में शामिल होने पहुंचा था शख्स

परमजीत मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे. वे एक बड़ी नेशनल कंपनी में काम करते थे और काम के सिलसिले में सिंगापुर जाया करते थे. 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी है. शादी में शामिल होने के लिए ही वे घटना से ठीक दो दिन पहले फरीदाबाद लौटे थे. उनका मूल निवास हरियाणा के हिसार जिले में है.

Advertisement

6 नवंबर की रात करीब 8 बजे वो जिम से घर लौटे थे. तभी उनके और मोहन के बीच विवाद हो गया. मोहन उसी बिल्डिंग की तीसरी मंज़िल पर रहता है. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि पार्किंग को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाली और परमजीत पर कई राउंड गोलियां चला दीं.

ये भी पढ़ें: हरियाणा में BJP नेता के भतीजे की हत्या, पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त ने मार डाला

पड़ोसी से पहले भी हुआ झगड़ा

पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही अनबन चल रही थी. गोलीबारी से पांच दिन पहले, कुत्ते को लेकर हुए एक विवाद के बाद मोहन ने परमजीत के बेटे को अपशब्द कहे थे. घटना के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ भाग गया. सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें मौके पर पहुंचीं. जांच में घटनास्थल से कारतूस के खाली खोखे बरामद किए गए.

Advertisement

सूरजकुंड पुलिस थाना SHO प्रह्लाद कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. पुलिस परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए ESIC मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी में है. साथ ही आरोपियों का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है. 

वीडियो: अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल जाना होगा, JDU क्या बोली?

Advertisement