The Lallantop

भगवंत मान को लाहौर आने का इनविटेशन मिला, क्या वीजा देगी पाकिस्तान सरकार?

सीएम भगवंत मान ने बताया कि उन्हें लाहौर में होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का इनविटेशन मिला है. हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान जाने की इजाजत मिलने को लेकर आशंका भी जताई. अब पाकिस्तान ने उनके वीजा से जुड़े सवाल का जवाब दिया है.

Advertisement
post-main-image
सीएम भगवंत मान को वीजा देने के सवाल पर पाकिस्तान ने दिया जवाब. (Courtesy: @ForeignOfficePk/X | PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान के लाहौर में 27 नवंबर को होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए पाकिस्तान सरकार ने वीजा पर विचार करने की बात कही है।
  • पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि सीएम भगवंत मान को वीजा देने पर विचार किया जाएगा, लेकिन इसके लिए भारत सरकार से अनुमति लेना आवश्यक है, जो दोनों देशों के संबंधों की जटिलता को दर्शाता है।
  • भगवंत मान के पाकिस्तान दौरे की अनुमति मिलने पर वह वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में भाग लेंगे, जिससे दोनों देशों के सांस्कृतिक संवाद में संभावित वृद्धि हो सकती है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पाकिस्तान के लाहौर में होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का न्योता मिला है. ये कॉन्फ्रेंस 27 नवंबर को होगी. अब पाकिस्तान सरकार ने भी मुख्यमंत्री मान के दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है. पाकिस्तान ने कहा है कि अगर भगवंत मान लाहौर आना चाहते हैं, तो उनकी वीजा अर्जी पर विचार किया जाएगा. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार ने साफ किया कि पाकिस्तान आने के लिए सीएम भगवंत मान को सबसे पहले भारत सरकार से मंजूरी लेनी होगी.

Advertisement

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने शुक्रवार, 6 नवंबर को वीकली प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ये बात कही. उनसे पूछा गया था कि क्या पाकिस्तान सरकार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने यहां आने के लिए वीजा देगी.

इस पर सज्जाद हैदर खान ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान पाकिस्तान आना चाहते हैं, तो पाकिस्तानी हुकूमत उन्हें वीजा देने पर विचार करेगी. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि सीएम मान को भारत सरकार से पाकिस्तान जाने की इजाजत मिलेगी या नहीं, ये अलग मामला है.

Advertisement
भगवंत मान को कब मिला था न्योता?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सीएम भगवंत मान ने बताया कि उन्हें लाहौर में होने वाली वर्ल्ड पंजाबी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का इनविटेशन मिला है. हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान जाने की इजाजत मिलने को लेकर आशंका भी जताई थी. सीएम मान ने कहा कि दोनों देशों की संस्कृति एक जैसी है. यहां से भी कई कवि और शायर कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए पाकिस्तान जाएंगे.

पंजाब के मुख्यमंत्री ने करतारपुर साहिब जाने की इच्छा भी जाहिर की थी. उन्होंने कहा था कि अगर करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खुलता है, तो वो पंजाब विधानसभा के सभी सदस्यों को लेकर गुरुद्वारा दरबार साहिब जाना चाहेंगे.

पाकिस्तान ने कितने वीजा जारी किए?

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने शुक्रवार को बताया कि उनका देश धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की मदद के लिए तैयार है. उन्होंने बताया कि 2025 में पाकिस्तान ने भारतीय धार्मिक श्रद्धालुओं को 9,000 से ज्यादा वीजा जारी किए थे. इनमें सिख और हिंदू श्रद्धालु शामिल थे.

Advertisement

इसके अलावा इस साल की पहली छमाही में 4,000 से ज्यादा अतिरिक्त वीजा सिख श्रद्धालुओं को दिए गए. पाकिस्तान ने इस महीने गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के मौके पर ननकाना साहिब आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करने की बात भी कही है.

मई 2025 से बंद है करतारपुर कॉरिडोर

भारत और पाकिस्तान बॉर्डर के पास स्थित करतारपुर कॉरिडोर 7 मई 2025 से श्रद्धालुओं के लिए बंद है. पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर हमले किए थे. इसके बाद से ही भारत ने अपनी साइड से करतारपुर कॉरिडोर के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद कर दी.

(यह भी पढ़ें: भगवंत मान को मिली फ्रांस जाने की मंजूरी, केंद्र की आपत्तियों के बावजूद होगा दौरा)

करतारपुर कॉरिडोर भारत के डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान के करतारपुर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ता है. इस रास्ते से भारतीय श्रद्धालु बिना वीजा गुरुद्वारे में दर्शन करके उसी दिन वापस लौट सकते हैं.

वीडियो: दिल्ली एयरपोर्ट पर भगवंत मान को 3 घंटे रोका गया? AAP के दावे पर अकाली दल ने क्या कहा?

Advertisement