The Lallantop

बैंक का सफाईकर्मी लॉकर से सोना चुराकर फाइनेंस कंपनियों से कर्ज लेता रहा, ऐसे किया कांड

मामले में बैंक के रीजनल हेड पंकज कुमार ने सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने बैंक के क्लीनर वैभव धनराज कोल्हे को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
post-main-image
सेंट्रल बैंक से करोड़ों का सोना गायब. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • महाराष्ट्र के अकोला में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा से लगभग 715 ग्राम सोना गायब होने के बाद पुलिस ने सफाईकर्मी वैभव धनराज कोल्हे को गिरफ्तार किया है।
  • इस घटना की जांच में पता चला कि आरोपी ने बैंक लॉकर की डुप्लीकेट चाबी बनवाई और चोरी किए गए सोने को फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर कर्ज लिया।
  • पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 4 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है और फाइनेंस कंपनियों के लेन-देन के दस्तावेज़ों की भी जांच जारी है।
author-image
धनंजय साबले

महाराष्ट्र के अकोला जिले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की एक ब्रांच से कथित तौर पर लगभग 1 करोड़ 7 लाख का सोना गायब हो गया है. सोने की हेरा-फेरी का आरोप बैंक में काम करने वाले एक सफाईकर्मी पर लगा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया है.

Advertisement

मामला महात्मा गांधी रोड पर स्थित BOI ब्रांच का है. इंडिया टुडे से जुड़े धनंजय बी साबले की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक के लॉकर से करीब 715.044 ग्राम सोने के गहने गायब हुए हैं. मौजूदा बाजार में इनकी कीमत 1 करोड़ 7 लाख 25 हजार 660 रुपये बताई जा रही है. मामले में बैंक के रीजनल हेड पंकज कुमार ने सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने बैंक के क्लीनर वैभव धनराज कोल्हे को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) और 318(4) के तहत केस दर्ज किया है. उसने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जिसके बाद उसे 4 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. कोतवाली पुलिस के थानेदार संजय गवई से मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने कथित तौर पर बैंक के लॉकर की डुप्लीकेट चाबी बनवाई थी. इसी चाबी के जरिए उसने लॉकर से सोना गायब किया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कश्मीरी पंडितों को फिर मिली धमकी, लेटर में नाम-पता और मोबाइल नंबर तक दर्ज

अब तक की जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने बैंक से ‘चुराए’ सोने को कथित तौर पर कई फाइनेंस कंपनियों में गिरवी रखकर कर्ज लिया था. इसके बाद उन पैसों को अपने बैंक अकाउंट में जमा करता था. इस एंगल के सामने आने के बाद पुलिस उन फाइनेंस कंपनियों के लेन-देन से जुड़े डॉक्यूमेंट्स की भी पड़ताल कर रही, जहां से आरोपी ने सोने के बदले कर्ज लिया था.

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक के डिमांड लोन से जुड़े कामों में भी कथित तौर पर अनियमितताएं पाई गई थीं. इसी की जांच के दौरान लॉकर में रखे सोने के गहनों के गायब होने का मामला सामने आया.

Advertisement

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोने के गायब होने और डिमांड लोन से जुड़े मामले में कोई संबंध है या नहीं.

वीडियो: तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर हमला, सीसीटीवी में क्या दिखा?

Advertisement