मध्य प्रदेश के धार जिले में कथित तौर पर काला रंग एक शख्स की हत्या का कारण बन गया. और इसका आरोप किसी और पर नहीं उसकी पत्नी पर है. वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल थे. इनमें महिला का कथित प्रेमी भी शामिल है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
काले रंग के लिए पति को आए दिन पत्नी मारती थी ताने, प्रेमी के साथ हत्या ही कर दी
आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में लूटपाट हुई थी, जिसमें लुटेरों ने उसके पति को मार डाला. लेकिन जांच में पता चला कि हत्या की असली ‘मास्टरमाइंड’ मृतक की पत्नी ही है. उसे और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक अन्य आरोपी अब भी फरार है.


घटना धार के गोंदीखेडा इलाके की है. मृतक की पहचान देवकृष्ण पुरोहित के तौर पर हुई. वहीं आरोपियों के नाम प्रियंका पुरोहित और कमलेश बताए गए हैं. इंडिया टुडे से जुड़े छोटू शास्त्री की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी पत्नी ने पहले पुलिस को बताया कि घर में लूटपाट हुई थी, जिसमें लुटेरों ने उसके पति को मार डाला. लेकिन जांच में पता चला कि हत्या की असली ‘मास्टरमाइंड’ मृतक की पत्नी ही है. उसे और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक अन्य आरोपी अब भी फरार है.
रिपोर्ट के मुताबिक 6 और 7 अप्रैल की दरमियानी रात पुलिस को लूटपाट की सूचना मिली. टीम मौके पर पहुंची तो प्रियंका पुरोहित रोते हुए घर में लूटपाट होने की कहानी सुनाती है. उसने बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश घर में घुस गए थे. उन्होंने उसे और उसके पति को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया. प्रियंका ने कहा कि देवकृष्ण ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने उनकी हत्या कर दी. इसके बाद वे 3 लाख रुपये के गहने और 50 हजार कैश लूटकर भाग गए.
हालांकि बाद में मालूम हुआ कि घर में कोई चोरी हुई ही नहीं थी, बल्कि ये प्रियंका की साजिश थी जिसमें उसने अपनी पति की हत्या की. ये काम उसने कमलेश और उसके एक दोस्त सुरेंद्र के जरिये करवाया. पुलिस के मुताबिक कमलेश ने देवकृष्ण पुरोहित की हत्या करने के लिए सुरेंद्र को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी.
धार के SP मयंक अवस्थी ने बताया,
हमें सूचना मिली कि देवकृष्ण और उनकी पत्नी प्रियंका के घर में रात में कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया. घटना के समय घर में उनकी मां और बहन भी मौजूद थी. इस दौरान देवकृष्ण के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया और उनकी पत्नी को घर में ही बंधक बना दिया. साथ कीमती सामान को लूटकर ले गए. पूछताछ में पता चला कि यह लूट की घटना नहीं है बल्कि एक साजिश के तहत की गई आपराधिक घटना है. मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस घटना की प्लानिंग की. साथ ही एक अन्य के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया.
मृतक की बहन और मां ने आरोप लगाया कि प्रियंका अक्सर देवकृष्ण को कोसती रहती थी. वो कथित तौर पर कहती थी कि ‘तुम काले हो और मेरे लायक नहीं हो.’ पीड़ित मां-बेटी ने बताया कि दोनों की शादी को 10 साल हो गए थे. लेकिन प्रियंका का कमलेश के साथ 2020 से संबंध था.
वीडियो: दुनियादारी: ईरान-US सीजफायर एक दिन भी नहीं टिका, इजरायल की मंशा क्या है?






















