सोशल मीडिया पर मध्यप्रदेश की एक शादी का वीडियो वायरल हो रहा है. कुछ पुलिसकर्मी बारातियों को मारते हुए नजर आ रहे हैं. विवाद उस वक्त बढ़ा, जब इलाके के लोगों ने डीजे के तेज आवाज की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस और बारातियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
मध्यप्रदेश में पुलिस ने बारातियों को क्यों पीट दिया?
पुलिस का कहना है कि जब जवान मौके पर पहुंचे तो बारातियों से उन पर पथराव कर दिया जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. बवाल बढ़ता है, बारातियों को पीटते हुए पुलिसकर्मी बगल वाली गली से आगे बढ़ते हैं. तभी एक पुलिसकर्मी पर पीछे से हमला होता है.


घटना मध्य प्रदेश के कटनी की है. आजतक से जुड़े अमर ताम्रकार के मुताबिक, 20 अप्रैल के दिन मैहर जिले से बारात कटनी पहुंची थी. बारात में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और कुछ लोगों ने शराब भी पी हुई थी. स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की.
पुलिस का कहना है कि जब जवान मौके पर पहुंचे तो बारातियों से उन पर पथराव कर दिया जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. बवाल बढ़ता है, बारातियों को पीटते हुए पुलिसकर्मी बगल वाली गली से आगे बढ़ते हैं. तभी एक पुलिसकर्मी पर पीछे से हमला होता है.
वीडियो में आप देख सकते हैं कि उड़ता हुए एक बर्तन सीधे पुलिस वाले के सिर पर आ लगता है. बवाल बढ़ता देख एक्स्ट्रा फोर्स को बुलाया गया. लेकिन हालात और बिगड़ गए. पुलिस और बारातियों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. इस दौरान कुछ लोगों को चोटें भी आईं.
घटना के साथ-साथ वीडियो भी आगे बढ़ता है. जिस जगह कुछ देर पहले बैंड बाजे की धुन गूंज रही थी वहां चिल्लाहट, ये कर दूंगा-वो कर दूंगा की धमकियां सुनाई देने लगीं. कुछ देर बाद सेहरा पहने दूल्हा भी मौके पर पहुंच जाता है. वो एक पुलिसकर्मी को कुछ कहता दिखाई देता है. कुछ लोग उसे रोककर पीछे खींचने की कोशिश करते हैं. इसके बाद वहां मौजूद लोगों की पुलिसकर्मियों से गुत्मगुत्थी होने लगती है.
कटनी के ASP संतोष डहरिया ने कहा,
‘पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ उपद्रव और मारपीट का मामला दर्ज किया है. वर और वधु पक्ष के लोग भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे.’
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है.
वीडियो: बारातियों को पीटने वाले पुलिस कर्मियों पर क्या एक्शन हुआ?























