जो किताबें चुराते हैं वो लूटपाट तो नहीं करते होंगे. जो लूटपाट करते हैं वो किताबों को छूते भी नहीं. ये कोई बहुत बड़ी दार्शनिक बात नहीं है, जिसके लिए किसी ग्रंथ के पन्ने पलटने पड़े. इस ‘इलहाम’ के लिए बीते दिनों लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के एक छोटे से शॉपिंग मॉल में हुए हुड़ंदग का मंजर ही काफी है. बीते दिनों यहां छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद हालात बिगड़ गए. हिंसा फैल गई. कैंपस के यूनी मॉल की कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट हुई.
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुड़दंगियों ने सब लूटा, एक चीज को हाथ तक न लगाया
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फगवाड़ा कैंपस में हिंसा के दौरान यूनी मॉल की कई दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट हुई. PS5, मोबाइल, लैपटॉप, परफ्यूम और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान गायब हुआ.

दुकानों से सोनी प्लेस्टेशन 5 (PS5) के जितने स्टॉक रखे थे सब गायब हो गए. मोबाइल फोन, लैपटॉप, महंगे परफ्यूम और लाखों रुपये की नकदी भी लूट ली गई. कांच के काउंटर तोड़ दिए गए. दुकानों की सारी अलमारियां खाली कर दी गईं. यहां तक कि हुड़दंगी वो मोबाइल फोन भी उठा लिए गए, जिन्हें कस्टमर रिपेयर करने के लिए दुकान पर छोड़ गए थे. टूटे कांच, बिखरे सामान और खाली दुकानों के बीच सिर्फ एक चीज थी, जिसे किसी ने हाथ तक नहीं लगाया. किताबें!
कैंपस में है शॉपिंग मॉल
ये सब 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात एलपीयू के फगवाड़ा कैंपस में हुआ. यूनिवर्सिटी के कैंपस में एक छोटा सा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है. छात्रों और कर्मचारियों की हर जरूरत का सामान यहां मिल जाता है. खाने-पीने की, इलेक्ट्रॉनिक्स की, किताबों की और स्टेशनरी की दुकानें यहां हैं. एलपीयू कैंपस में एक छात्रा के साथ रेप की खबरें सामने आईं और कैंपस में बवाल मच गया. जमकर हिंसा और तोड़फोड़ हुई. बड़ी संख्या में छात्र अपने हॉस्टलों से बाहर निकले और बवाल करने लगे. इस प्रदर्शन की चपेट में यह शॉपिंग मॉल भी आया.
मॉल की कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की गई. LPU के यूनी मॉल में मौजूद एक व्यक्ति ने ‘द लल्लनटॉप’ से बात करते हुए बताया कि उपद्रव करने वालों ने मॉल की बाकी सारी दुकानों में लूटपाट की, लेकिन किताबों की दुकानों को छोड़ दिया. किताब की दुकानों के शटर एकदम अछूते थे. उन्हें किसी ने हाथ भी नहीं लगाया था. बाकी की सारी दुकानें तबाह थीं.
दसियों लाख का नुकसानमॉल के दुकानदारों ने कहा कि लूटे गए सामान में मोबाइल फोन, लैपटॉप, महंगे परफ्यूम, इलेक्ट्रॉनिक सामान और कैश भी शामिल है. कई दुकानदारों को कथित तौर पर 10 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है. इस लूटपाट के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इनमें कुछ लोग चेहरे पर रूमाल बांधे दुकानों में तोड़फोड़ करते और सामान उठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं. हालांकि, LPU के छात्रों का दावा है कि लूटपाट करने वाले लोग बाहरी थे. वायरल वीडियो में कुछ लोग ये भी दावा कर रहे हैं कि लूटपाट में कुछ छात्र भी शामिल थे.
ये भी पढ़ेंः पंजाब की चितकारा और LPU यूनिवर्सिटी में बवाल का सेम पैटर्न, तोड़फोड़-आगजनी किसकी साजिश?
विडंबना देखिए…हालांकि, मॉल में बर्बादी के मंजर के बीच किताबों की दुकानों पर कोई हमला हुआ नहीं दिखता. इस पर सोशल मीडिया पर लोग रिएक्ट भी कर रहे हैं. दिल्ली में रहने वाले टीचर और लेखक सिद्धार्थ एशेलॉन एक्स पर लिखते हैं,
विडंबना देखिए. किसी ने किताबों की दुकानों को हाथ तक नहीं लगाया. यहां तक कि उन दुकानों के पोस्टर भी नहीं फाड़े.
तानिया नाम की एक यूजर ने भी ताना मारा कि (लूटपाट करने वालों की) प्राथमिकताएं एकदम साफ हैं.
बता दें कि LPU ने हिंसा और तोड़फोड़ में कथित तौर पर शामिल करीब 30-40 छात्रों की पहचान की जांच शुरू की है. यूनिवर्सिटी CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. ताकि ऐसे लोगों का पता लगे जो इस बवाल के जिम्मेदार थे.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: LPU के छात्रों का गुस्सा शांत होने का नाम क्यों नहीं ले रहा?












