उत्तर प्रदेश में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है. अब तक 81 लोगों के मरने की खबर है. कई लोग घायल है. लोगों के घर ढह गए हैं. अब इसी बारिश से परेशान हरदोई के एक शख्स ने भगवान इंद्र के खिलाफ ऑनलाइन जिलाधिकारी (DM) से शिकायत कर दी है. कंप्लेंट में आरोप लगाया गया है कि ‘बिना किसी सूचना’ के लगातार हो रही बारिश से आम जनता परेशान है.
भगवान इंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज, इस बंदे ने DM को लिखा- 'बिना सूचना के बारिश हो रही'
Hardoi rain man complaint Lord Indra: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक शख्स ने भगवान इंद्र के खिलाफ शिकायत की है. आरोप लगाया है कि उन्होंने ‘बिना किसी सूचना’ के बारिश कराई, जिससे आम जनता परेशान हो रही है.

शिकायतकर्ता का नाम सूरज तिवारी है. वो मल्लावां ब्लॉक के नेवादा परस गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने ये शिकायत वाकई में इंद्र देव से नाराजगी के चलते की है या ये केवल एक व्यंग्य है, ये फिलहाल साफ नहीं है. अभी तो बस उनकी शिकायत की चर्चा है.
इंडिया टुडे से जुड़े प्रशांत की रिपोर्ट के मुताबिक, बीती 26 सितंबर को सूरज तिवारी ने सरकार के 'जनसुनवाई समाधान पोर्टल' पर अपनी शिकायत दर्ज कराई. उनका आरोप है कि हरदोई में पिछले कई घंटों से इंद्र देव लगातार बारिश करा रहे हैं. कभी तेज, तो कभी धीमी.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इंद्र देव के खिलाफ कंप्लेंट करने का कारण ‘बिना किसी सूचना’ के बारिश का आना है. सूरज तिवारी का आरोप है कि बारिश की वजह से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. सड़कों, गलियों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. किसानों के सामने भी फसल को लेकर नई चिंता खड़ी हो गई है. रोज का काम भी प्रभावित हो गया है.
शिकायत में आखिर में जिला मजिस्ट्रेट से गुजारिश करते हुए लिखा था कि उन्हें इंद्र देव का मोबाइल नंबर नहीं पता. इसलिए जिलाधिकारी इस मामले को गंभीरता से लें और अपने दिव्य संचार माध्यमों से इंद्रदेव को जरूरी निर्देश जारी करें. ताकि बारिश को तुरंत नियंत्रित किया जा सके और लोगों को राहत मिल सके.

ये भी पढ़ें: SC ने यूपी सरकार पर ठोका 10 लाख का जुर्माना, संभल हिंसा के आरोपी को गलत हिरासत में रखा
'जनसुनवाई समाधान पोर्टल' के जरिए नागरिक सीधे अधिकारियों तक अपनी समस्याएं पहुंचा सकते हैं. सूरज तिवारी की शिकायत अब ऑनलाइन भी वायरल हो रही है. लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे सिस्टम पर एक व्यंग्य के तौर पर भी देख रहे हैं.
भारी बारिश से नुकसान
बारिश की वजह से हरदोई और उत्तर प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में जान-माल का काभी नुकसान हुआ है. 25 से 27 सितंबर के बीच हरदोई में भारी बारिश, सांप के काटने और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गई. सात अन्य घायल हो गए. 330 घरों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है.
रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार बारिश की वजह से कई इलाके जलमग्न हो गए, जिस कारण कई लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया.
वीडियो: गोल्डी बराड़ भगोड़ा, एफबीआई की टॉप 10 मोस्ट वांटेड सूची में शामिल, इनाम बढ़ाकर 9.5 करोड़ किया












