एक तरफ है एजेन्टिक एआई जहां कंपनियों के एआई एजेंट मुश्किल से मुश्किल काम कर रहे. इसी चक्कर में कई बार सारी लिमिट क्रॉस करके वेबसाइट हैक करने भी बाज नहीं आ रहे तो दूसरी तरफ है बेसिक एआई सिस्टम जिसे गिटार और इंसान में फर्क ही नजर नहीं आ रहा. गिटार को इंसान का सिर समझ रहा है और चालान फाड़ रहा है. खबर देश की आईटी सिटी बेंगलुरु से आई है, जहां AI वाले ट्रैफिक कैमरे ने गिटार को ही पीछे बैठा इंसान समझ लिया और 500 का चालान (ai camera mistakes guitar for helmetless pillion) काट दिया. बंदे को जब चालान का मैसेज मिला तो उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.
AI कैमरे ने गिटार का चालान काटा, फोटो के साथ भेजे नोटिस में लिखा- इसके भी हेलमेट...
बेंगलुरु में AI वाले ट्रैफिक कैमरे ने गिटार को ही पीछे बैठा इंसान समझ लिया और 500 का चालान (ai camera mistakes guitar for helmetless pillion) फाड़ दिया. बंदे को जब चालान का मैसेज मिला तो उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.

बेंगलुरू के सौविक दत्ता अपनी पत्नी के टू-व्हीलर पर अकेले जा रहे थे. उन्होंने हेलमेट भी पहन रखा था और गिटार उनकी पीठ पर टंगा हुआ था. यानी टू-व्हीलर पर वे अकेले थे. लेकिन एआई से लैस ट्रैफिक सिस्टम ने गिटार को इंसान का सिर समझ लिया वो भी बिना हेलमेट के. फिर क्या था. जो सिस्टम में फिट था वही हुआ. माने बिना हेलमेट वाला चालान इशू हो गया.
सौविक ने चालान नंबर के साथ चालान का फोटो सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है. 500 रुपये के चालान में कारण Pillion not wearing protective head gear लिखा हुआ है. माने पीछू बैठ सवारी ने हेलमेट नहीं लगाया है. सोविक ने बेंगलुरू ट्रैफिक पुलिस से इस चालान को रद्द करने की गुजारिश की है. सोविक के पोस्ट के जवाब में ट्रैफिक पुलिस ने उनको मेल करने के लिए कहा. अच्छी बात ये है कि इस बार सिस्टम ने सही काम किया और चालान कैंसिल हो गया है.

बेगलुरु ने शहर के बढ़ते हुए ट्रैफिक को संभालने के लिए अपने सिस्टम में एआई को शामिल किया है. AI-driven सिस्टम रियल टाइम में ट्रैफिक को एनलाइज करके पुलिस को डेटा उपलब्ध करवाता है. केरल में भी इसी तरीके से एआई का इस्तेमाल ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए हो रहा है. ट्रैफिक कैमरे से मिलने वाली तस्वीर को सिस्टम कुछ खास पैटर्न और संकेतों के आधार पर पढ़ता है. उसे बाइक पर सवार व्यक्ति, दूसरे व्यक्ति की मौजूदगी और हेलमेट जैसी चीजों को पहचानना होता है. ये सिस्टम बहुत तेजी से हजारों वाहनों के बीच संभावित नियमों की अनदेखी करने वालों को पकड़ सकता है. क्योंकि ये सिस्टम अपने अंदर दर्ज फॉर्मूले के बेस पर ही सामने दिख रही चीजों को समझता है तो इसी चक्कर में इससे गलती हो गई होगी.
कोई ना, एआई भी अभी सीख रहा है. कुछ दिनों में हर हेलमेट नहीं पहनने वाले और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने वालों को यही सिस्टम धरेगा.
वीडियो: दिल्ली के सिर्फ एक बूथ पर वोटर लिस्ट से 728 नाम कटे, लोग भड़के










