हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. पेट में लंबा चीरा मारा और उसकी आंतें बाहर निकाल लीं. महिला इन आंतों को एक बैग में डाल ही रही थी, तभी मकान मालिक शोर सुनकर छत पर पहुंच गया. महिला उसे देखकर घबरा गई और छत से नीचे कूद गई. घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पति की चाकू से हत्या की, पेट से आंतें निकालकर बैग में डाल रही थी, तभी पकड़ी गई
Haryana के कुरुक्षेत्र में एक महिला ने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. उसने पति के पेट से आंतें निकाल ली थीं. लेकिन इस दौरान वो पकड़ी गई.

इंडिया टुडे से जुड़े चंद्र प्रकाश की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान राजेश (40) के तौर पर हुई है. राजेश अपनी पत्नी विमला देवी के साथ कुरुक्षेत्र में पिहोवा रोड पर राज पैलेस के पास एक किराए के घर में रहते थे. मकान मालिक रिंकू ने बताया कि 21 अगस्त की शाम करीब 5 बजे उन्होंने पति-पत्नी को चिल्लाते हुए सुना. शोर सुनकर वे तुरंत छत पर पहुंचे.
वहां उन्होंने देखा कि किरायेदार राजेश खून से लथपथ हालत में पड़े थे और उनके पेट पर गंभीर चोटें थीं. मकान मालिक ने कथित तौर पर विमला को राजेश की आंतें एक बैग में डालते हुए देखा. मकान मालिक को देखते ही महिला घबरा गई और छत से कूद गई. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस उसका बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है.
राजेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के धामपुर गांव का रहने वाले थे. वे अपनी अपनी पत्नी के साथ लगभग एक साल से कुरुक्षेत्र में रह रहे थे. राजेश यहां एक आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करते थे. राजेश और विमला की शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन उनके कोई बच्चे नहीं थे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली टेक मर्डर: बच्चे को दवाई लगाने पर हुआ झगड़ा, पत्नी ने भाइयों को बुलाकर पिटवाया, CCTV भी किया बंद
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या पता चला?पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश का पेट लगभग 35 सेंटीमीटर तक चीरा गया था. पेट पर इतनी गहरी चोटें थीं कि आंतें शरीर से बाहर आ चुकी थीं. मौके से अलग-अलग आकार के तीन चाकू बरामद किए गए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) सुरिंदर सिंह और उनकी पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं.
मकान मालिक के मुताबिक, विमला झाड़-फूंक जैसे कामों से भी जुड़ी थी. पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. हालांकि, इस हत्या के पीछे की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने बताया कि महिला के बयान, फोरेंसिक सबूतों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा.
वीडियो: अमेरिका में पत्नी की हत्या कर के भारत में प्रेमिका को भेजी फोटो









