महाराष्ट्र के केतन अग्रवाल हत्या मामले में चार्जशीट दाखिल कर ली गई है. इसके मुताबिक, आरोपी सिया गोयल ने कथित तौर पर ChatGPT से कुछ सवाल पूछे थे. पुणे पुलिस ने इस मामले में 5 हजार 53 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. चार्जशीट के मुताबिक, केतन की हत्या के बाद उनकी मंगेतर सिया गोयल ने ChatGPT और इंटरनेट पर काफी समय बिताया था. सिया ने चैटजीपीटी से गम कैसे जताया जाए? परिवार के सामने ज्यादा दुखी कैसे दिखें? अगर पुलिस पकड़ ले तो क्या कहना चाहिए, जैसे सवाल पूछे थे.
केतन मर्डर केस: 5 हजार पन्नों की चार्जशीट, सिया ने ChatGPT से पूछा था- 'दुखी दिखने के लिए क्या करें?'
Ketan Agarwal हत्या मामले में आरोपी सिया गोयल ने कथित तौर पर ChatGPT का इस्तेमाल किया था. पुणे पुलिस ने इस मामले में 5 हजार 53 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. चार्जशीट के मुताबिक सिया ने राजा रघुवंशी मामले से जुड़ी जानकारी भी सर्च की थी.

इंडिया टुडे के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि हत्या की प्लानिंग के दौरान सिया ने मेघालय के राजा रघुवंशी मर्डर केस से जुड़ी जानकारी भी ऑनलाइन सर्च की थी. चार्जशीट में करीब 80 से 85 गवाहों के बयान हैं. पुलिस के मुताबिक, इनमें तीन ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने कथित तौर पर वारदात के चश्मदीद हैं. चार्जशीट में मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, WhatsApp, Instagram और Snapchat की चैट, तस्वीरें, CCTV फुटेज और दूसरी डिजिटल-फॉरेंसिक जानकारी को भी सबूत के तौर पर शामिल किया गया है.
चार्जशीट में क्या पता चला?पुलिस के मुताबिक, केतन की मौत के बाद जब उनका परिवार लोहागढ़ पहुंचा, तो उन्हें सिया का व्यवहार कुछ अजीब लगा. पुलिस का कहना है कि परिवार को लगा कि सिया इतने बड़े हादसे के बावजूद भी दुखी नहीं दिख रही थीं. ऐसे हालात में आम तौर पर कोई करीबी व्यक्ति गमगीन रहेगा, लेकिन सिया का व्यवहार ऐसा नहीं था.
सिया को जब इसका एहसास हुआ तो घर लौटने के बाद उसने ऑनलाइन सर्च किया कि दुख कैसे जाहिर किया जाए और ज्यादा परेशान कैसे दिखें. पुलिस का दावा है कि इन सर्च को डिजिटल डिवाइस की जांच के दौरान रिकवर किया गया. चार्जशीट के मुताबिक, सिया ने पुलिस से पूछताछ और गिरफ्तारी की स्थिति को लेकर भी ऑनलाइन जानकारी जुटाई. जैसे कि अगर पकड़े गए तो घबराना कैसे नहीं है?
जांच एजेंसी के मुताबिक, सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को शुरू में कथित तौर पर लगता था कि वारदात के बाद वे पकड़े नहीं जाएंगे. लेकिन बाद में चेतन को शक होने लगा कि पुलिस तक बात पहुंच सकती है. चार्जशीट के मुताबिक, दोनों एक दूसरे को इस दौरान संभालते रहे.
ये भी पढ़ें: सिया गोयल के पिता की दुकान हुई सील, 8 लाख का माल जब्त, पकड़ी गई बड़ी खामी
जांच में राजा रघुवंशी हत्या मामले का कनेक्शन भी मिला. हत्या की प्लानिंग के दौरान सिया ने इस मामले से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन सर्च की. राजा रघुवंशी की मई 2025 में मेघालय में हनीमून के दौरान हत्या कर दी गई थी. हत्या का आरोप उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी पर है. पुलिस का दावा है कि सिया ने इस मामले में ये समझने की कोशिश की कि हत्या कैसे हुई, जांच कैसे आगे बढ़ी और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को कौन-कौन से सुराग मिले.
इसके अलावा लोनावला इलाके में पहाड़ या खाई से गिरने वाली मौतों से जुड़े पुराने मामलों को भी सर्च किए जाने की बात चार्जशीट में है. पूरा मामला 18 जून 2026 की है. चार्जशीट में पुलिस ने आरोप लगाया है कि 18 जून को सिया ने केतन को धक्का दिया और चेतन ने भी उन्हें नीचे गिराने में मदद की. इस मामले में सिया और चेतन को जून में गिरफ्तार किया गया था. तीसरे आरोपी रितेश हांगे को सितंबर में गिरफ्तार किया गया. तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
वीडियो: केतन मर्डर केस में सिया के वकील ने उनके ही भाई को 10 करोड़ का नोटिस भेजा










