The Lallantop

इंस्टाग्राम पर चैटिंग, लव ट्राएंगल और सुनसान खेत में नाबालिग का मर्डर कर बोरे में ठूंसा शव

केरल के तिरुवनंतपुरम में 17 साल के नाबालिग का शव बोरे में बंद मिला था. पुलिस ने जब मामले की पड़ताल शुरू की तो कड़ी इंस्टाग्राम और लव एंगल के तार खुलते गए. हैरानी वाली बात यह है कि आरोपियों के निशाने पर मृतक नहीं बल्कि उसका दोस्त था.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है (COURTSEY- X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • केरल के तिरुवनंतपुरम में 17 साल के अभिराम की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग, एक 18 वर्षीय लड़की और एक हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं।
  • हत्या की मुख्य वजह लव ट्रायंगल थी, जहां हत्या की साजिश ब्रेकअप और नए रिलेशनशिप से उत्पन्न तनाव के कारण की गई थी, साथ ही आरोपी को असली निशाना प्राप्त नहीं हो पाने की स्थिति थी।
  • पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही जांच जारी है और आरोपी किशोर को जुवेनाइल बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

केरल के तिरुवनंतपुरम में 17 साल के अभिराम की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें 17 साल का एक नाबालिग, उसकी 18 साल की दोस्त और उमर नाम का एक हिस्ट्रीशीटर शामिल है. पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश कथित तौर पर लव ट्रायंगल और बदले से जुड़ी थी. लेकिन इस कहानी में इससे ज्यादा चौंकाने वाला एंगल भी है. पुलिस के मुताबिक, अभिराम आरोपी का असली निशाना नहीं था. आरोपी किसी दूसरे लड़के की हत्या करना चाहता था. उसके नहीं आने पर अभिराम की जान चली गई.

Advertisement

2 नवंबर 2026 की रात अभिराम का शव तिरुवनंतपुरम नगर निगम क्षेत्र के पंगापारा में एक सुनसान खेत से मिला. शव एक पुराने जूट के बोरे में बंद था और उसके ऊपर पत्ते डाले गए थे. परिवार ने इससे एक दिन पहले ही उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की और जल्द ही तीनों आरोपियों तक पहुंच गई.

ब्रेकअप के बाद शुरू हुआ विवाद

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि 17 साल के मुख्य आरोपी का अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था. इसके बाद लड़की किसी दूसरे लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी. पुलिस का दावा है कि लड़की अपने नए रिश्ते से जुड़ी तस्वीरें आरोपी के साथ साझा करती थी. इससे उसके मन में गुस्सा और जलन बढ़ती गई. आरोपी अपने ब्रेकअप के लिए लड़की के नए साथी को जिम्मेदार मानता था. इतना ही नहीं उससे बदला लेना चाहता था. 

Advertisement

अभिराम और वह दूसरा लड़का एक ही इलाके के रहने वाले थे और एक-दूसरे के करीबी दोस्त थे. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पता था कि अभिराम और उसका असली निशाना दोस्त हैं. इसी वजह से उसने अभिराम को अपनी योजना में इस्तेमाल करने का फैसला किया.

गर्लफ्रेंड के Instagram अकाउंट से रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर 18 साल की लड़की के Instagram अकाउंट का एक्सेस हासिल कर लिया था. इसके बाद उसने उसी अकाउंट से अभिराम से बातचीत शुरू की. पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया है कि अभिराम को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके साथ चैटिंग करने वाला व्यक्ति असल में आरोपी है. 1 नवंबर को आरोपी ने लड़की बनकर अभिराम को मैसेज किया और पंगापारा के एक सुनसान खेत में मिलने के लिए बुलाया. अभिराम वहां पहुंच गया.

पुलिस के मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने अभिराम से कहा कि वह अपने उस (आरोपी की गर्लफ्रेंड के नए बॉयफ्रेंड) दोस्त को भी बुला ले. दरअसल, यही दोस्त आरोपी का असली निशाना था. अभिराम ने जब अपने दोस्त को फोन किया, तो उसे कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ. उसने वहां आने से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी और अभिराम के बीच बहस हुई. पुलिस का आरोप है कि जब अभिराम वहां से जाने लगा, तो आरोपी ने किसी चीज से उसके सिर पर वार किया और बेल्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.

Advertisement
शव ठिकाना लगाने में हिस्ट्रीशीटर ने की मदद

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए उमर नाम के हिस्ट्रीशीटर की मदद ली. दोनों ने शव को जूट के बोरे में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया और ऊपर से पत्ते डाल दिए. उधर, अभिराम के घर नहीं लौटने पर परिवार परेशान हो गया. विदेश में रह रही मृतक की बड़ी बहन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर उसके लापता होने की जानकारी दी.  लोगों से उसे तलाशने में मदद मांगी.

पुलिस ने अभिराम के मोबाइल फोन की लोकेशन और CCTV फुटेज की जांच की. शुरुआती पूछताछ के बाद 17 साल के संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया. अगले दिन नई जानकारी मिलने पर उसे दोबारा हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान पुलिस अन्य आरोपियों तक पहुंची.

(यह भी पढ़ें: एक गैंगस्टर ने दूसरे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, दोनों एक ही महिला से प्यार करते थे)

पुलिस सोशल मीडिया खंगाल रही

सिटी पुलिस कमिश्नर अरुल आर. बी. कृष्णा ने बताया कि जांच के दौरान फोन कॉल, Instagram मैसेज और CCTV फुटेज की मदद ली गई. पुलिस के मुताबिक, 18 साल की आरोपी लड़की को अपराध की जानकारी थी. पुलिस ने मामले में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया. वहीं, 17 साल के किशोर को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया. बोर्ड ने उसे ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया है. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस अपराध में और लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस की जांच और अदालत की प्रक्रिया जारी है. आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोप अभी अदालत में साबित होने बाकी हैं.

वीडियो: ईरान में ट्रंप और नेतन्याहू के खिलाफ कैसी होर्डिंग लगी है?

Advertisement