उत्तर प्रदेश के कानपुर-लखनऊ एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का 13 जुलाई, 2026 को उद्घाटन हुआ (Kanpur-Lucknow elevated expressway). उद्घाटन के महज 13 दिनों बाद ही ये विवादों में घिर गया है. 4200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे का वीडियो वायरल है जिसमें सड़क धंसी हुई नज़र आ रही है. बताया जा रहा है कि बारिश के कारण उन्नाव जिले के कोरारी इलाके के पास इस 6-लेन सड़क का बड़ा हिस्सा कई मीटर तक धंस गया है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस वीडियो को शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा है.
यूपी में 4200 करोड़ रुपये में हाईवे बना, उद्घाटन के 13 वें दिन ही धंस गया
Kanpur-Lucknow elevated expressway: बताया जा रहा है कि बारिश के कारण उन्नाव जिले के कोरारी इलाके के पास इस 6-लेन सड़क का बड़ा हिस्सा कई मीटर तक धंस गया है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस वीडियो को शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा है.

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मधुसुदन यादव ने इस सड़क का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. उन्होंने योगी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और सड़क की क्वालिटी पर भी सवाल उठाए. इसके बाद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने भी इस वीडियो को अपने हैंडल से री-शेयर किया. विपक्षी दलों ने NHAI (भारतीय राष्ट्रिय राजमार्ग प्राधिकरण) और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. कांग्रेस ने X पर कैप्शन में लिखा,
'ये 4,200 करोड़ रुपए में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की हकीकत है. BJP सरकार में घटिया माल लगाकर सड़कें बनाई जाती हैं, पैसों की लूट-खसोट होती है, नेता-मंत्री करोड़ों रुपए डकार जाते हैं. नतीजा-जनता को 'तोहफे' में ऐसी धंसी हुई रद्दी सड़क मिलती है. यही BJP का 'करप्शन मॉडल' है.'
63 किलोमीटर लंबे इस 6-लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का निर्माण PNC कंस्ट्रक्शन कंपनी ने किया था, जिसे निर्माण कार्य पूरा होने के बाद NHAI को सौंपा गया था. वीडियो वायरल होने के बाद सड़क की मरम्मत कराई गई.
ये भी पढ़ें: ₹12000 करोड़ के दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर गड्ढे, पीएम मोदी ने 14 अप्रैल को ही उद्घाटन किया था
NHAI ने अपने X हैंडल पर सड़क धंसने को लेकर सफाई पेश की. बताया कि बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया था, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक मरम्मत की कार्रवाई जारी है. बाद में NHAI ने एक और वीडियो पोस्ट किया जिसमें बताया कि सड़क की मरम्मत पूरी हो चुकी है. अब सड़क पर आवागमन फिर से शुरू हो गया है.
13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस 63 किमी लंबे कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE 6) का उद्घाटन किया था. इसके चालू होने से दोनों शहरों के बीच का सफर 3 घंटे से घटकर मात्र 40 मिनट का रह गया है. इस मार्ग पर अधिकतम गति सीमा 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है.
वीडियो: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे लैंडस्लाइड को बताया एक्ट ऑफ़ गॉड, 2 महीने पहले हुआ था शुरू










