The Lallantop

शादी में दहेज नहीं मिला तो ससुराल वालों ने बहू का सिर मुंडवा दिया

Kalyan woman dowry harassment: महाराष्ट्र के कल्याण में एक महिला ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है. कहा है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसका सिर मुंडवा दिया और गर्म पानी से हाथ जलाया.

Advertisement
post-main-image
पीड़िता के ससुराल वालों ने सिर मुंडवा दिया था. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • महाराष्ट्र के कल्याण में एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न करने पर सिर मुंडवाए जाने और शारीरिक प्रताड़ना सहित अन्य दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
  • पीड़िता अफसाना का विवाह नवंबर 2025 में समीर अंसारी से हुआ था और शादी के तुरंत बाद ससुराल वालों द्वारा दहेज सहित पैसों और वस्तुओं की मांग की गई, जिससे उत्पन्न हुए दबाव के कारण मामला सामने आया।
  • पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और मौसी सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, जबकि पीड़िता इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है।

दहेज के एक मामले में इंसाफ नहीं होता कि दूसरा केस खबरों में आ जाता है. महाराष्ट्र के कल्याण में एक महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है. कहा है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर कथित तौर पर उसका सिर मुंडवा दिया गया. पीड़िता ने ससुराल वालों पर हाथ जलाने, मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने का भी आरोप लगाया है. पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और मौसी सास के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पीड़िता की पहचान अफसाना के रूप में हुई है. नवंबर 2025 में उनकी शादी कल्याण के वालधुनी इलाके में रहने वाले समीर अंसारी से हुई थी. इंडिया टुडे के पत्रकार मिथिलेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी से पहले ही उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में ससुराल वालों को बता दिया था. यानी दहेज देने में असमर्थता जताई थी. बावजूद इसके शादी के कुछ समय बाद ही अफसाना पर कथित रूप से दहेज और अन्य वस्तुओं की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा.

प्रेग्नेंसी में दहेज को लेकर ताने

पीड़िता का कहना है कि प्रेग्नेंसी के दौरान भी उसे सही से खाना नहीं दिया गया. पति, सास, ससुर और ननद ने लगातार उनके साथ मारपीट की. गर्म पानी डालकर उनका हाथ भी जलाया. रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पैसे नहीं दिए जाते थे. महिला ने पति पर नशा करने का आरोप भी लगाया है.

Advertisement

अफसाना ने कहा,

“शादी के दो महीने बाद बच्चा पेट में रुक गया था. इन्होंने मुझसे खाने को सही से नहीं पूछा. सिर्फ दहेज के लिए ताना ही दिया. कहते कि खाने-पीने को अपने घर से मांग कर लेकर आ. बच्चा होने के बाद पैसों को लेकर ताने दिए. जब बेटे को बुखार था, तो इलाज के लिए पैसे मांगे. तब भी सास ने कहा कि हर वक्त पैसे-पैसे मांगती रहती है.”

अफसाना ने बताया कि 7 जून को ससुराल वालों ने जूं का बहाना बनाकर उनके सारे बाल काट दिए थे. उन्हें एक हफ्ता कमरे में बंद रखा. परेशान होकर पीड़िता अपनी बहन के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी अपने भाई को दी. रिपोर्ट के मुताबिक, महिला इस समय सेंट्रल हॉस्पिटल में एडमिट है.

Advertisement

मामले में महात्मा फुले पुलिस थाना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलिराम परदेसी का कहना है,

“हमें सूचना मिली थी कि महिला उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल में भर्ती है. पुलिस टीम भेजकर उसका बयान दर्ज किया गया. शिकायत के अनुसार शादी के बाद से ही पति, सास, ससुर, ननद और मौसेरी सास पैसों और अन्य वस्तुओं की मांग कर रहे थे. 7 जून को महिला के बाल यह कहते हुए कटवाए गए कि बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है. बाल कटवाए जाने के बाद महिला मानसिक रूप से परेशान हो गई.”

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अफसाना के पति समीर अंसारी, सास शहनाज़ अंसारी, ननद एगना अंसारी और मौसी सास के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. अफसाना के भाई ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

वीडियो: अकाल तख्त के फैसले पर भगवंत मान ने उठाए सवाल, सफाई भी दी

Advertisement