The Lallantop

शिवरात्रि मेले में खाने से बीमार पड़े 100 से ज्यादा बच्चे, 175 लोगों को भर्ती कराना पड़ा

Jharkhand Palamu Children fall ill: शुरुआती जांच में डॉक्टर ने फूड पॉइजनिंग होने की बात कही है. हालांकि यह भी कहा है कि पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी का असली कारण पता चल सकेगा.

Advertisement
post-main-image
फिलहाल बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. (Photo: File/Reuters)

झारखंड के पलामू जिले में कथित तौर पर मेले में खराब खाने की वजह से कई बच्चे बीमार पड़ गए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बच्चों ने शिवरात्रि के दिन मेले में खाना खाया था, जिसके बाद उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई. टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार तकरीबन 100 बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई. वहीं कुछ अन्य रिपोर्ट्स में पीड़ितों की संख्या 175 तक बताई गई है, जिनमें से अधिकतर बच्चे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि यह घटना पनकी पुलिस स्टेशन के तहत द्वारका गांव की है. डॉक्टर के मुताबिक ये लोग फूड पॉइजनिंग की वजह से बीमार हुए हैं. डॉक्टर ने बताया कि अधिकतर मरीजों को 15 फरवरी की रात से उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई.

175 लोग हुए थे भर्ती

डॉक्टर के मुताबिक इसके बाद लगभग 175 लोगों को कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में भर्ती कराया गया था. उनमें से 22 लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है. बाकी लोगों को शुरूआती इलाज के बाद वापस भेज दिया गया है. डॉक्टर का कहना है कि मरीजों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की असली वजहों का पता चल सकेगा. डॉक्टर के मुताबिक फिलहाल मरीजों को ORS दिया जा रहा है और उन्हें ड्रिप भी चढ़ाई जा रही है.

Advertisement

कुछ अन्य अधिकारियों ने मीडिया को बताया है कि बीमार पड़े लोगों ने शिवरात्रि के दिन मेले में खराब खाना खाया था, जिसकी वजह से उन्हें फूड पॉइजनिंग हुई है. जानकारी के मुताबिक मेला द्वारका के रघुआ खाड़ इलाके में लगा था. इसमें द्वारका, यादव टोला, जमुआटांड और आस-पास के कई गांवों के लोग आए हुए थे.

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद के तेल गोदाम में भीषण आग, 3 पुलिसकर्मी समेत 35 लोग झुलसे

फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दवाइयों और मेडिकल स्टाफ का इंतजाम किया जा रहा है. साथ ही प्रभावित लोगों की निगरानी की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि वे किसी भी प्रकार की आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार हैं. 

Advertisement
ग्रेटर नोएडा में भी 40 लोग बीमार

इधर, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी खराब खाना खाने की वजह से 40 लोगों के बीमार पड़ने की जानकारी सामने आई है. आजतक से जुड़े अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक यह लोग कुट्टू का आटा खाने से बीमार पड़ गए. इस मामले में बिसरख पुलिस और खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है. टीम ने कुट्टू का आटा बेचने वाली दुकान और उसके गोदाम को सील कर दिया है.

जानकारी के मुताबिक घटना शिवरात्रि के दिन की है. बिसरख थाना क्षेत्र के सुपरटेक इकोविलेज-3, रॉयल कोर्ट और हिमालय प्राइड सोसाइटी में रहने वाले 40 लोगों की तबीयत कुट्टू का आटा खाने से बिगड़ गई. इसके बाद इन सभी लोगों को पास ही के अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल से पुलिस को यह सूचना दी गई. इसके बाद बिसरख पुलिस ने तत्काल खाद्य विभाग को सूचित किया. खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर बिसरख थाने में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

वीडियो: झारखंड में पत्नी और कुत्ते को एक ही कब्र में दफन करने वाले के साथ क्या हुआ?

Advertisement