झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षा को लेकर मचा घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है. हजारीबाग में 21 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन को लेकर हंगामा हो गया. शहर के गांधी मैदान में छात्र पुतला दहन की तैयारी कर रहे थे. आरोप है उसी वक्त झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोग वहां पहुंच गए और छात्रों पर हमला कर दिया.
CM हेमंत सोरेन का पुतला फूंकने पर बवाल, JMM कार्यकर्ताओं पर छात्रों पर हमला करने का आरोप
झारखंड में फिर से JPSC और JSSC परीक्षा को लेकर प्रोटेस्ट शुरू हो गया है. हजारीबाग और गिरीडीह समेत कई जगहों पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. हजारीबाग में प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर JMM के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर हमला कर दिया और उनको मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंकने से रोक दिया.

हेमंत सोरन के पुतला दहन से रोका
इंडिया टुडे से जुड़े सत्यजीत की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके चलते वहां तनाव की स्थिति बन गई. जिला प्रशासन ने छात्रों को वहां से हटाने की कोशिश की. खबर है कि वार्निंग के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया है. छात्र झारखंड सरकार की कार्रवाई से नाराज हैं. इसी नाराजगी के चलते उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था. छात्र गांधी मैदान में जुटे थे. उन्होंने पुतला दहन की तैयारी कर रखी थी. इसी बीच कथित तौर पर JMM के लोग वहां पहुंच गए.
डंडे लेकर पहुंचे JMM कार्यकर्ता
छात्रों के प्रोटेस्ट के दौरान JMM कार्यकर्ता डंडे लेकर वहां पहुंचे. उन्होंने पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. छात्र वहां से हटने लगे. बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया है कि JMM कार्यकर्ताओं ने प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की. हालांकि अब तक इस मामले में JMM का पक्ष सामने नहीं आया है.
जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद थी. प्रशासन ने पहले छात्रों को चेतावनी दी. इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. प्रशासन की ओर से बताया गया कि उनकी कोशिश रही कि स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए. हजारीबाग के अलावा गिरीडीह में भी JMM कार्यकर्ताओं पर प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों पर हमला करने के आरोप लगे हैं.
बाबूलाल मरांडी ने साधा JMM पर निशाना
हजारीबाग में हुए बवाल को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने JMM कार्यकर्ताओं को सरकार का गुंडा करार दिया. मरांडी ने कहा,
छात्र गुस्से में है, इसके बावजूद वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं. फिर भी सरकार छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है. सरकार के लोग छात्रों पर लाठी का इस्तेमाल कर रहे हैं.
उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार से JMM कार्यकर्ताओं को समझाने की अपील की. मरांडी ने ये भी कहा कि छात्रों की मांग मानते हुए मामले की जांच CBI को सौंप देनी चाहिए. उन्होंने सरकार से छात्रों से किए गए वादों को पूरा करने की मांग की.
हाई कोर्ट के फैसले के बाद फिर शुरू हुआ आंदोलन
झारखंड हाई कोर्ट के फैसले के बाद JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच ने आंदोलन फिर से तेज करने का ऐलान किया था. मंच ने रांची प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सरकार पर कई आरोप लगाए थे. मंच के प्रवक्ता रविंद्र कुमार पासवान, पीयूष कुमार और कुणाल प्रताप सिंह ने कहा था कि छात्रों की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा. मंच ने 21 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर सरकार के खिलाफ पुतला दहन का ऐलान किया था.
वीडियो: यूपी बुलेटिनः दिल्ली, झारखंड के बाद यूपी का नंबर, बड़ा छात्र आंदोलन होने वाला है?











