झारखंड के जामताड़ा में युवक-युवती के शव क्षत-विक्षत हालत में रेलवे ट्रैक पर मिले हैं. बताया गया कि दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे. लेकिन अलग-अलग धर्म होने की वजह से घरवाले उनके रिश्ते के खिलाफ थे. लड़का हिंदू था और लड़की मुस्लिम. दावा ये भी किया गया कि युवती की शादी उसके परिजनों ने पहले किसी और से करा दी थी. पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम कर परिवार वालों को सौंप दिए हैं.
हिंदू-मुस्लिम कपल ने वीडियो में कहा, 'हमें अलग न करना', अब कटे हुए शव मिले
Jamtara Interfaith couple death: जामताड़ा में युवक-युवती का शव रेलवे ट्रैक पर मिला. उनके शव पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिए गए हैं. मामले की आगे जांच चल रही है.

मृतकों की पहचान 20 वर्षीय रॉकी कुमार मंडल और 18 वर्षीय नाजिया खातून के रूप में हुई हैं. वे करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव के रहने वाले थे. दोनों कुछ सालों से रिश्ते में थे. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों 23 अक्टूबर को मेला जाने के लिए निकले थे. करमाटांड़ थाना प्रभारी अलख नाथ चौबे ने बताया कि दोनों बाद में मंदिर भी गए थे.
गांव वालों से क्या अपील की थी?इंस्टाग्राम पर दोनों का एक वीडियो भी साझा किया गया है. इसमें जोड़े का एक-एक हाथ नीले कपड़े से बांधा हुआ है. इस पोस्ट में एक मैसेज भी है, जिसमें ग्रामीणों से उन्हें अलग न करने की अपील की गई है. कहा गया है,
“मैं गांव वालों को अभी बोल रहा हूं कि यह बंधन कभी अलग मत करना. हम लोगों को जहां भी दफनाना हो या कुछ भी करना हो, एक साथ करना.”
थाना प्रभारी अलख नाथ चौबे ने शादी करने पर कहा,
"हमारे पास कोई जानकारी नहीं है कि इस जोड़े ने कानूनी तौर पर शादी की थी या नहीं. हालांकि, सोशल मीडिया पर मौजूद एक तस्वीर से ऐसा लगता है कि लड़के ने लड़की के माथे पर सिंदूर लगाया होगा.”
रिंगोचिंगो के एक ग्रामीण ने एक्सप्रेस को बताया कि दोनों के परिवार उनके रिश्ते के खिलाफ थे. इस रिश्ते के बारे में पता चलने पर लगभग दो साल पहले दोनों समुदायों के लोगों ने एक बैठक भी की थी. बैठक में यह तय हुआ था कि दोनों की शादी करा दी जाए. मगर उनके परिवार वाले नहीं माने.
ये भी पढ़ें: शहबाज शरीफ सच बोलिए, जम्मू-कश्मीर का 'काला दिन' 27 अक्टूबर नहीं, 22 अक्टूबर है
उन्होंने बताया कि इसके बाद ग्रामीणों ने परिवारों से कहा कि वे देख लें कि दोनों एक-दूसरे से बातचीत न करें. ग्रामीण के मुताबिक, अगले ही साल नाजिया की शादी किसी और व्यक्ति से करा दी गई थी. थाना प्रभारी अलख नाथ चौबे ने बताया कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच की जा रही है कि उनकी मौत किन हालात में हुई.
वीडियो: रामायण में कुंभकर्ण बने पंचायत के फैसल मलिक, कहां से प्रेरित हुए?









