The Lallantop

महाराष्ट्र के जालना में भीषण सड़क हादसा, मजदूरी करके लौट रहीं आठ महिलाओं की मौत

महाराष्ट्र के जालना में समृद्धि हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों को ले जा रहे पिकअप को टक्कर मार दी. हादसे में आठ महिलाओं की मौके पर मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

Advertisement
post-main-image
जालना के रोड एक्सीडेंट में 8 महिलाओं की मौत हो गई. (फोटो-स्क्रीनग्रैब)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • महाराष्ट्र के जालना जिले में 1 अप्रैल की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने छोटे हाथी वाहन को टक्कर मारी, जिससे आठ महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए।
  • महिलाएं पिकअप वाहन में सड़क किनारे खड़े थे, जब ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी, प्राथमिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही बताई गई है और उसे हिरासत में लिया गया है।
  • घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है, विधायक और अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और राज्य सरकार ने मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की है।

महाराष्ट्र के जालना जिले में एक सड़क दुर्घटना में 8 महिलाओं की मौत हो गई है. बताया गया कि मृतकों में सभी महिलाएं हैं और पेशे से मज़दूर हैं. वे छोटा हाथी (पिकअप) वाहन से घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना वीभत्स था कि मृतकों के चिथड़े उड़ गए. इस दुर्घटना में 5 लोग घायल भी हुए हैं. 

Advertisement

आजतक से जुड़े गौरव विजय साली की रिपोर्ट के मुताबिक़, ये घटना जालना जिले के समृद्धि हाईवे पर 1 अप्रैल की शाम को हुई. सभी महिलाएं हाईवे के पास के एक गांव में काम करती थीं. घटना के दौरान पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ा था. तभी ट्रक पीछे से आया और वहां खड़े वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. घटना के बाद पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंची. घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, बाद में उन्हें प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया. 

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में ट्रक ड्राइवर की लापरवाही बताई जा रही है. पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. मृतकों की पहचान अलकाबाई दादाराव अदमाने (45), लक्ष्मीबाई संतोष मदन (35), मीनाबाई परमेश्वर अदमाने (45), कांचनबाई प्रकाश अदमाने (50), ताराबाई गहेनाजी चौधरी (60), कडूबाई रामदास मदन (55) और सुमनबाई कचरू अदमाने (70) के तौर पर हुई है. एक महिला मज़दूर की पहचान अभी नहीं हो पाई है.

Advertisement

इस घटना के बाद जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर अस्पताल पहुंचे और घायलों से बात की. उन्होंने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति नाज़ुक है. इसके अलावा जिला कलेक्टर आशिमा मित्तल और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी अजय कुमार बंसल ने कहा, 

‘जब ये टक्कर हुई तब महिलाएं काम से वापस घर जा रही थीं. हमने आरोपी ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया है. मामले की जांच की जा रही है. साथ ही मज़दूर जिस ठेकेदार के साथ काम करते थे, उससे उन्हें उचित मुआवज़ा मिले, ये सुनिश्चित किया जाएगा.’

Advertisement

घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दुख जताया है. उन्होंने घायलों के जल्दी सही होने की कामना की. उन्होंने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है. 

वीडियो: एक और सड़क हादसा, हैदराबाद से बेंगलुरु जाने वाली बस में लगी आग, 12 यात्री ज़िंदा जल गए

Advertisement