क्या कभी आपको ऐसा लगा है, जैसे गले में कुछ फंसा हुआ है. कुछ अटका हुआ है और बार-बार गला साफ करने पर भी आराम नहीं मिल रहा. ऐसा कई लोगों के साथ होता है. शायद आपके साथ अभी हो भी रहा हो. पर आखिर इसकी वजह क्या है. यही जानेंगे आज. डॉक्टर से समझेंगे कि क्या ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है. गले में कुछ अटका हुआ लगे तो इसे कैसे ठीक करें और कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
गले में कुछ अटका हुआ सा लगे और ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें
सर्दी-ज़ुकाम होने पर नाक से पानी बाहर आता है. यही पानी नाक से पीछे की तरफ़ गले में भी जा सकता है. ऐसा होने पर बार-बार निगलने की ज़रूरत महसूस हो सकती है.

ये हमें बताया डॉक्टर अक्षत मलिक ने.

इसके कई कारण हो सकते हैं. सर्दी-ज़ुकाम होने पर नाक से पानी बाहर आता है. यही पानी नाक से पीछे की तरफ़ गले में भी जा सकता है. इसे पोस्ट-नेज़ल ड्रिप कहते हैं. ऐसा होने पर बार-बार निगलने की ज़रूरत महसूस हो सकती है. गला भी बार-बार साफ़ करना पड़ सकता है. अगर गले में कुछ फंसा हुआ महसूस हो रहा है. तब ये लक्षण है कि पोस्ट-नेज़ल ड्रिप की वजह से गले में सूजन हो रही है.
नॉर्मल सर्दी-ज़ुकाम होने पर भी गले में कुछ फंसा हुआ लग सकता है. एक आम कारण एसिड रिफ्लक्स है. जब पेट का एसिड ऊपर की तरफ आता है, तो हमें इसका एहसास होता है. लेकिन कई बार इसकी मात्रा कम होती है, जो ज़्यादातर मामलों में होता है. तब हमें एसिड के ऊपर आने का एहसास नहीं होता. फिर भी जब ये एसिड गले तक पहुंचता है, तो वहां सूजन पैदा करता है. ऐसे में मरीज़ को गले में कुछ अटका हुआ लग सकता है. ये बहुत सामान्य शिकायत है, जो अक्सर मरीज़ करते हैं.
ये भी पढ़ें: आपका करीबी डिप्रेशन में है ये पहचानने का तरीका जान लीजिए
क्या ये किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है?अगर गले के अंदर कोई गांठ है, जो बढ़ती जा रही है. ये बिनाइन ट्यूमर यानी बिना कैंसर वाली गांठ हो सकती है. लेकिन कभी-कभी ये कैंसर से जुड़ी भी हो सकती है. ऐसे में मरीज़ को महसूस हो सकता है, जैसे गले के अंदर कुछ अटका हुआ है.
अगर गले में कुछ अटका हुआ लगने के साथ नाक बंद है या सर्दी-ज़ुकाम है. आपके लक्षण रात में या सुबह-सुबह ज़्यादा होते हैं. आपको बार-बार गला साफ़ करना पड़ता है. तब डॉक्टर से पूछकर आप एंटी-एलर्जिक दवाइयां ले सकते हैं. फिर देखें कि आपके लक्षणों में कितना सुधार हो रहा है. अगर आपको एसिड रिफ्लक्स के कुछ लक्षण महसूस होते हैं या पेट ठीक नहीं लग रहा और एसिडिटी हो जाती है. तब कुछ हफ्तों तक एसिड रिफ्लक्स की दवा ली जा सकती है.
ये भी पढ़ें: पेशाब में दिक्कत, सेक्स की इच्छा नहीं, प्रोस्टेट कैंसर की बारे में एक-एक बात जान लें
कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?अगर आपके लक्षण दो हफ्ते से ज़्यादा समय तक बने हुए हैं. आप सिगरेट या शराब पीते हैं. तब आपको डॉक्टर को दिखाना चाहिए. इसके अलावा, अगर आपके कान में दर्द रहता है. मुंह से खून आता है. निगलने में ज़्यादा दिक्कत हो रही है. कुछ निगलते समय बहुत दर्द हो रहा है. जीभ बाहर निकालने में परेशानी हो रही. या गले के अंदर कोई गांठ महसूस होती है. तब ये कैंसर की तरफ़ भी इशारा कर सकते हैं. इसलिए ऐसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
जांच के दौरान नाक या मुंह के रास्ते एक एंडोस्कोप अंदर डाला जाता है. इसके आगे एक कैमरा लगा होता है. जिससे पता चलता है कि गले के अंदर क्या चल रहा है. इससे गले में कुछ अटका हुआ महसूस होने की वजह पता चलती है.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: क्या डिप्रेशन अपने आप ठीक हो सकता है?












