अस्पताल में भर्ती बहन का हालचाल लेने आई एक महिला पर अस्पताल का ही 'हमला' हो गया. वार्ड की सीलिंग से टंगा पंखा घूमते-घूमते अचानक गिरा और महिला के सिर से टकरा गया. अब दोनों बहनों का हालचाल लेने के लिए दूसरे रिश्तेदार अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं.
बहन से मिलने अस्पताल गई महिला के सिर पर गिरा पंखा, अब दोनों बहनें एक ही वार्ड में भर्ती
Jaipur के SMS अस्पताल में एक महिला के ऊपर Ceiling Fan गिर गया. घायल महिला के सिर में 12 से ज्यादा टांके लगे हैं. हालांकि, घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने वही पंखा वापस लगा दिया.

आप सही पकड़े हैं. हम सरकारी अस्पताल की बात कर रहे हैं. घटना 24 अगस्त की देर शाम राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) के ENT वार्ड में हुई. पीड़ित महिला का नाम रेणु है. उनके सिर पर 12 से ज्यादा टांके लगे हैं.
इंडिया टुडे से जुड़े विशाल शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, रेणु ने बताया कि उनकी बहन संतोष के कान का ऑपरेशन हुआ था. वो ENT वार्ड में एडमिट थीं. उनसे मिलने के लिए ही रेणु अस्पताल पहुंची थीं. अब दोनों बहनों का एक ही वार्ड में इलाज चल रहा है. आरोप ये भी है कि घटना के बाद घायल को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर जाने के लिए करीब आधा घंटा इंतजार करना पड़ा.
रेणु ने बताया कि वो वार्ड में बहन से बातचीत कर रही थीं कि अचानक सीलिंग फैन सीधा उनके सिर पर आ गिरा. इससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. वार्ड में मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने एंबुलेंस को बुलाया. लेकिन आरोप है कि घायल रेणु को ट्रॉमा सेंटर पहुंचने के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा.
बाद में ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने रेणु के सिर पर 12 से ज्यादा टांके लगाए. वहां से उन्हें मेडिसिन डिपार्टमेंट में एडमिट करने के लिए भेज दिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक वहां भी महिला को एडमिट नहीं किया गया और वापस चरक भवन भेज दिया गया.
यह भी पढ़ें: रिटायर्ड अफसर ट्रेन में सो रहे थे, चूहों ने नाक कुतर दी, अस्पताल ले जाना पड़ा
अंत में घायल रेणु को उसी ENT वार्ड में एडमिट किया गया, जहां उनकी बहन संतोष एडमिट हैं. वहीं, कर्मचारियों ने गिरे हुए सीलिंग फैन को वापस लगा दिया. सरकारी अस्पतालों में होने वाली ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं.
वीडियो: 30-40 साल से स्मोकिंग कर रहे, फिर भी होगा सिगरेट छोड़ने से फ़ायदा













