The Lallantop

पटना में बैरिकेड्स तोड़ CM आवास की ओर बढ़े छात्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई हिरासत में

Bihar Student Protest: पटना में 70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने और अन्य मांगों को लेकर छात्रों ने मार्च किया. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया. पानी की बौछारें भी छोड़ीं.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • बिहार की राजधानी पटना में 25 अगस्त को छात्र और BPSC कैंडिडेट्स ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास तक मार्च किया और पुलिस ने लाठीचार्ज व वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया।
  • छात्र 70वीं BPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में मार्च कर रहे थे और इस प्रदर्शन के पहले दिन छात्र प्रतिनिधियों की सरकार के साथ बातचीत हुई थी लेकिन विरोध जारी रहा।
  • प्रदर्शन के बाद कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि छात्र दल मुख्यमंत्री या शिक्षा मंत्री से मुलाकात की मांग पर अड़े हैं।

बिहार की राजधानी पटना में सैकड़ों छात्रों और BPSC कैंडिडेट्स ने सीएम सम्राट चौधरी के आवास की तरफ मार्च किया. इस दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया. प्रदर्शनकारी छात्र कथित अनियमितताओं को लेकर 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा भी उनकी कई मांगे हैं.

Advertisement

लल्लनटॉप के रिपोर्टर रजत पांडेय ग्राउंड पर मौजूद हैं. उनके मुताबिक, यह मार्च मंगलवार, 25 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे गांधी मैदान से शुरू हुआ था. छात्र नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़े. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए थे. प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए. इसके बाद पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई. 

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई जगहों पर लाठीचार्ज किया और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बावजूद, छात्र अपना मार्च जारी रखते हुए मुख्यमंत्री आवास के और करीब पहुंच गए. ​​पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. कई छात्र और पुलिसवाले घायल हुए हैं.

Advertisement

यह विरोध प्रदर्शन छात्र प्रतिनिधियों की बिहार सरकार के साथ बातचीत के एक दिन बाद हुआ. हालांकि बातचीत को सकारात्मक बताया गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया. साथ ही गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करने का ऐलान किया.

CM से मुलाकात की मांग

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन के दौरान एक छात्र नेता ने कहा, 

“हम बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलना चाहते हैं क्योंकि सरकार हमें बार-बार जूनियर अधिकारियों से बातचीत करने के लिए कहती है और उसके बाद मामला खत्म हो जाता है. अगर हमें मुख्यमंत्री से बातचीत का मौका मिले और कोई आधिकारिक नोटिस जारी किया जाए, तो हम अपना विरोध खत्म करने को तैयार हैं.”

Advertisement

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों से बातचीत के लिए एक डेलीगेशन बनाने को कहा गया था. लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि वे सिर्फ मुख्यमंत्री या फिर शिक्षा मंत्री से ही मिलेंगे. उन्होंने कहा, 

“हमारी पहली मांग है कि हमें सम्राट चौधरी से मिलने दिया जाए. दूसरा विकल्प यह है कि हमें शिक्षा मंत्री से मिलने दिया जाए. हम किसी और से नहीं मिलेंगे.”

ये भी पढ़ें: झारखंड प्रोटेस्ट में लाठी चार्ज, वाटर कैनन चलते ही नाचने लगे छात्र, तोड़ दिया आखिरी बैरिकेड

इन मांगो को लेकर छात्र कर रहे प्रदर्शन

- 70वीं BPSC परीक्षा रद्द हो: छात्र कथित अनियमितताओं को लेकर 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा को रद्द कर दोबारा निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग कर रहे हैं.

- BPSC TRE-4 एकल परीक्षा: शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE 4.0) को दो चरणों के बजाय एक ही चरण में आयोजित कर बैकलॉग पदों को भरा जाए.

- निगेटिव मार्किंग हटे: आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षाओं (TRE 4.0) से निगेटिव मार्किंग के प्रावधान को पूरी तरह से हटाया जाए.

- सीटें बढ़ाई जाएं: ललित कला, संगीत, नृत्य, कंप्यूटर साइंस और दूसरे जिन विषयों में पर्याप्त सीटें नहीं हैं, उनमें रिक्तियां बढ़ाई जाएं.

- लंबित परीक्षाएं और कैलेंडर: BSCC (बिहार कर्मचारी चयन आयोग) की इंटर और स्नातक स्तरीय परीक्षाओं, दरोगा भर्ती और AEDO समेत सभी रुकी हुई परीक्षाओं की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए और एक स्पष्ट एग्जाम कैलेंडर जारी हो.

- डोमिसाइल नीति लागू हो, स्थानीय को रोजगार मिले.

- सरकारी भर्तियों में उम्र सीमा में छूट दी जाए.

पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है. ‘छात्र न्याय सत्याग्रह’ के तहत यह आंदोलन 18 अगस्त 2026 से शुरू हुआ था. इस आंदोलन के दौरान कई छात्र आमरण अनशन पर बैठे. छात्र नेता अमन पिछले 9 दिनों से भूख हड़ताल पर रहे. छात्रों के समर्थन में सांसद पप्पू यादव ने भी गर्दनीबाग में भूख हड़ताल की थी.

वीडियो: नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना में छात्रों का प्रदर्शन

Advertisement