The Lallantop

Train Alert: जून में रेलवे का मेगा ब्लॉक, 77 ट्रेनें रद्द, दुरंतो समेत कई ट्रेनों का बदला रूट

Indian Railways इन गर्मियों की छुट्टियों का मजा किरकिरा करने जा रहा है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक जून के महीने में भारतीय रेल करीब 77 ट्रेनों को कैंसिल करने जा रही है. सिर्फ इतना ही नहीं दुरंतो समेत कई सुपरफास्ट Trains के रूट बदले जा रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
भारतीय रेल ने बदले कई ट्रेनों के रूट (फोटो- ANI)

बच्चों के स्कूल बंद हो चुके हैं. ऑफिस से छुट्टी ले ली है. बैग पैक हो चुके हैं. रही बात ट्रेन रिजर्वेशन की तो वो दो महीने पहले की करा लिया था. In Short- सारी तैयारी पूरी है, बस अगले हफ्ते निकलने की तैयारी है तो ये खबर आपके ही लिए है. क्योंकि हो सकता है कि भारतीय रेल के एक कदम के चलते आपकी फैमिली वेकेशन का प्लान धरा का धरा रह जाए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अरे नहीं-नहीं हम आपको डरा नहीं रहे, बल्कि बता रहे हैं कि भले ही ट्रेन का रिजर्वेशन कंफर्म है. मगर जून में कहीं भी आने जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस कंफर्म जरूर कर लीजिएगा. वो क्या है ना कि आप भारी-भरकम सूटकेस लेकर, ऑटो वाले से माथापच्ची करके स्टेशन पहुंचें और वहां पता चले कि आपकी ट्रेन तो आज आएगी ही नहीं, तो फिर यकीनन आपको बुरा लगेगा.

रेलवे के सूत्रों की मानें तो रेलवे जून में मेगा ब्लॉक की तैयारी कर रहा है. इसके तहत एक नहीं, दो नहीं बल्कि पूरे 77 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया जाएगा. सिर्फ इतना ही नहीं, दुरंतो समेत कई सुपरफास्ट ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया गया है. आसान भाषा में कहें तो अगले महीने रेल सफर में थोड़ा 'रायता' फैलने वाला है.

Advertisement

अब आप सोच रहे होंगे कि भाई अचानक ऐसा क्या हो गया कि रेलवे को इतनी सारी ट्रेनें बंद करनी पड़ीं? चलिए, आपको पूरी दास्तान इत्मीनान से सुनाते हैं.

ऐसा क्यों कर रही है रेलवे?

तो क्या रेलवे आपकी छुट्टियों की दुश्मन बन गई है. आखिर क्यों आपकी रिजर्व सीट पर यूं झाड़ू मारा जा रहा है. जवाब है कि मजबूरी. रिटायर्ड रेल अधिकारी वी.के.गुप्ता बताते हैं,

रेलवे जब भी इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनें कैंसिल करता है, तो उसके पीछे कोई न कोई बड़ा मेंटेनेंस या इंफ्रास्ट्रक्चर का काम होता है. बेवजह रेलवे इतना बड़ा कदम कभी नहीं उठाती.

Advertisement

वी के गुप्ता अपनी जगह पर पूरी तरह सही हैं. रेल सूत्रों के मुताबिक, जून से होने वाले मेगा ब्लॉक के पीछे में मेंटेनेंस ही वजह है. असल में, बिलासपुर रेल मंडल के चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन को जोड़ने (Non-Interlocking) का काम चल रहा है.

अब पटरियां बिछेंगी, सिग्नलिंग का काम होगा, तो उस रूट पर ट्रेनों को रोकना या डाइवर्ट करना मजबूरी हो जाता है. रेलवे का कहना है कि यह काम भविष्य में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने और लेट-लतीफी को कम करने के लिए बेहद जरूरी है. मगर वो तो फ्यूचर (भविष्य) की बात है, फिलहाल तो रेलवे के इस कदम से आम यात्रियों का प्रेजेंट (वर्तमान) खराब हो रहा है.

इस काम का सीधा असर सिर्फ किसी एक राज्य पर नहीं, बल्कि देश के एक बड़े हिस्से पर पड़ने वाला है. इनमें शामिल हैं,

  • पश्चिम बंगाल
  • महाराष्ट्र
  • गुजरात
  • मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • झारखंड
  • ओडिशा

बोले तो अगर आप इनमें से किसी सूबे में रहते हैं तो हो सकता है कि आपकी ट्रेन भी इस लिस्ट में शामिल हो. 

लपेटे में कितनी ट्रेनें आएंगी?

NDTV की खबर के मुताबिक इस मेगा ब्लॉक के लपेटे में आने वाली ट्रेनों की तादाद अच्छी खासी है. मतलब बड़ी संख्या में रेल यात्री इस कदम से प्रभावित होंगे. आइये पॉइंट दर पॉइंट समझते हैं कि रेलवे के इस कदम का क्या-क्या असर पड़ेगा,

कुल कैंसिल ट्रेन: 77 (जिसमें 65 एक्सप्रेस/सुपरफास्ट ट्रेनें हैं और 12 लोकल पैसेंजर ट्रेन हैं).

रूट डायवर्जन: करीब 8 बड़ी ट्रेनों को उनके तय रास्ते की बजाय दूसरे लंबे रास्तों से चलाया जाएगा.

शॉर्ट टर्मिनेशन: 6 ट्रेनों को उनके आखिरी स्टेशन से पहले ही रोक दिया जाएगा (यानी वो अपने तय डेस्टिनेशन तक नहीं जाएंगी).

टाइमिंग में बदलाव: कई ट्रेनों के खुलने या पहुंचने के समय में बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को सफर में ज्यादा समय लग सकता है.

इन बड़ी ट्रेनों पर गिरेगी गाज, लिस्ट देख लीजिए

रेलवे जिन 65 एक्सप्रेस ट्रेनों को कैंसिल कर रही है, उनमें कई बड़े रूट्स की प्रीमियम और लंबी दूरी की गाड़ियां शामिल हैं. नीचे एक लिस्ट दी जा रही है. अगर आपकी ट्रेन भी इनमें शामिल है तो क्रॉस चेक करना मत भूलिए. तो चलिए जरा उन ट्रेनों पर एक नजर डाल लेते है,  

  • टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस
  • साउथ बिहार एक्सप्रेस
  • अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस
  • हावड़ा-सीएसएमटी (मुंबई) एक्सप्रेस
  • हटिया-पुणे एक्सप्रेस
  • पुरी-जोधपुर एक्सप्रेस
  • ओखा-शालीमार एक्सप्रेस
  • कामाख्या-एलटीटी (मुंबई) एक्सप्रेस
  • गया-एलटीटी एक्सप्रेस
  • उदयपुर-शालीमार एक्सप्रेस

ये तो सिर्फ कुछ बड़े नाम हैं. इसके अलावा भी कई लोकल और मेमू (MEMU) ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिससे रोजाना अप-डाउन करने वाले नौकरीपेशा लोगों और छोटे व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

दुरंतो समेत इन VIP ट्रेनों के बदले रूट

बात सिर्फ ट्रेनों के कैंसिल होने की होती तो भी ठीक था. मगर रेलवे का ये रायता अंदाजे से कहीं ज्यादा दूर तक फैला है. आपकी ट्रेल अगर कैंसिल ना भी हुई तो तो भी ये जरूरी नहीं को वो अपने पुराने रास्ते से जाए. ऐसे रूट्स जो आम तौर पर बेहद व्यस्त रहते हैं, रेलवे ने उनका लोड कम करने के लिए वहां से गुजरने वाली गाड़ियों को दूसरे रूट पर मोड़ा है.  

मिसाल के तौर पर, हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस और ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को अब बिलासपुर-चांपा वाले रूट के बजाय रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर चलाया जाएगा.

इसका सीधा सा मतलब है कि रूट लंबा होने की वजह से ये ट्रेनें अपने तय समय से देरी से चल सकती हैं. इसलिए, अगर आप इन ट्रेनों से सफर कर रहे हैं, तो रास्ते में खाने-पीने का इंतजाम थोड़ा एक्स्ट्रा रखकर चलें, क्योंकि बदले हुए रूट पर हो सकता है कि आपको पसंदीदा स्टेशन और वेंडर न मिलें.

तो फिर रेल यात्री क्या करें?

परेशानी भले ही रेलवे के फैसले से होने वाली है. लेकिन उससे जूझना तो रेल यात्रियों को ही पड़ेगा. ऐसे में मुश्किलें थोड़ी कम करने के कदम भी खुद ही उठाने पड़ेंगे. ऐसे में अगर आपने भी जून में रेल यात्रा की तैयारी कर रखी है तो इन तीन फंडों को जरूर याद रखिएगा,

1. घर से निकलने से पहले लाइव स्टेटस: स्टेशन के लिए ऑटो या कैब पकड़ने से पहले अपने मोबाइल में NTES (National Train Inquiry System) ऐप, IRCTC की वेबसाइट या Where is my Train ऐप पर अपनी ट्रेन का नंबर डालकर लाइव स्टेटस ज़रूर चेक करें.

2. रिफंड का नियम: अगर रेलवे की तरफ से ट्रेन कैंसिल की जाती है, तो आपको पूरा रिफंड मिलता है. अगर आपने ऑनलाइन टिकट बुक किया है, तो रिफंड सीधे आपके खाते में आ जाएगा. काउंटर टिकट की स्थिति में आपको स्टेशन के काउंटर पर जाकर टिकट सरेंडर करना होगा.

3. विकल्प तैयार रखें: अगर आपकी ट्रेन कैंसिल लिस्ट में है और जाना बेहद ज़रूरी है, तो आखिरी वक्त के भरोसे बैठने के बजाय फौरन बस, फ्लाइट या किसी दूसरी वैकल्पिक ट्रेन में 'तत्काल' कोटा ट्राई कर लें.

कई बार तकनीकी कारणों से ट्रेनों के शेड्यूल में आखिरी वक्त पर भी बदलाव या आंशिक बहाली हो जाती है. इसलिए रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके भी सटीक जानकारी ली जा सकती है. आपका रेल सफर सुरक्षित और सुखद रहे, यही हमारी कामना है. इस जानकारी को अपने उन दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ भी शेयर कर दीजिए, जो जून में झोला उठाकर निकलने की तैयारी में हैं!

वीडियो: रेलवे ने बदला टिकट कैंसिल का नियम, अश्विनी वैष्णव ने क्या बताया?

Advertisement