केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) की भर्ती में अग्निवीर रह चुके जवानों के लिए रिजर्व सीट बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है. CISF में एक्स अग्निवीरों के लिए पहले से 10 फीसदी सीट रिजर्व हैं. गृह मंत्रालय ने ये कोटा 50 फीसदी करने का प्रस्ताव दिया है. इन सीटों पर उनको लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट से छूट देने का प्रस्ताव है. CISF जल्दी ही इस प्रस्ताव पर आधिकारिक तौर पर सहमति जताने वाली है.
अग्निवीरों के लिए 50% आरक्षण का प्रस्ताव, रिटन-फिजिकल टेस्ट के बिना होगी भर्ती
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने CISF को एक्स अग्निवीर जवानों के लिए 50 फीसदी सीट रिजर्व करने का प्रस्ताव दिया है. CISF ने अपने सर्कुलर में इस प्रस्ताव की जानकारी दी है. अभी इस प्रस्ताव को नोटिफाई नहीं किया गया है. लेकिन जल्द ही CISF गृह मंत्रालय के इस प्रस्ताव पर सहमति जता सकती है.


CISF ने एक सर्कुलर जारी करके गृह मंत्रालय के प्रस्ताव की जानकारी दी है. हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, CISF के सर्कुलर में बताया गया है,
हर पांच साल में रिक्रूटमेंट रूल्स का रिव्यू किया जाता है. 6 मार्च को गृह मंत्रालय ने CISF को रिटायर्ड अग्निवीरों के रिक्रूटमेंट से जुड़े प्रावधानों में संशोधन करने का निर्देश दिया था. CISF ने गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को शामिल करते हुए संशोधित रिक्रूटमेंट रूल्स को स्टेकहोल्डर्स के कमेंट के लिए सर्कुलेट किया गया है. हालांकि अभी रूल्स को नोटिफाई किया जाना बाकी है.
गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए प्रस्ताव की जानकारी देने वाले सर्कुलर में बताया गया है कि प्रत्येक रिक्रूटमेंट में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) के पद पर भर्ती के लिए 50 फीसदी सीटें एक्स-अग्निवीरों के लिए रिजर्व होंगी. सर्कुलर कहता है कि ये भर्ती गृह मंत्रालय के निर्देशों के मुताबिक या फिर एक नोडल एजेंसी बनाकर की जाएगी.
गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए प्रस्ताव में एक्स अग्निवीरों को लिखित परीक्षा और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) और फिजिकल एफिसिएंसी टेस्ट (PET) से भी छूट देना शामिल है. इससे पहले 16 मार्च, 2023 को CISF ने एक नोटिफिकेशन जारी करके एक्स अग्निवीरों के लिए 10 फीसदी सीट रिजर्व की थी. लेकिन इसमें केवल PST से छूट दी गई थी.
केंद्रीय गृह मंत्रालय का प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब नवंबर 2022 में नौसेना में शामिल किए गए लगभग 2600 अग्निवीरों का पहला बैच इस साल के अंत में रिटायर होने वाला है. ये सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) में शामिल होने के लिए एलिजिबल हो जाएंगे.
अभी तक CAPF में आने वाले बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) ने ही अग्निवीरों के लिए 50 फीसदी सीटें आरक्षित करने की घोषणा की है. बाकी फोर्सेज में शॉर्ट टर्म रिक्रूटमेंट के तहत पूर्व सैनिकों के लिए 10 फीसदी रिजर्वेशन का प्रावधान है. दिल्ली और राजस्थान समेत कुछ राज्य की पुलिस फोर्स में भी एक्स अग्निवीरों के लिए सीटें रिजर्व करने की घोषणा की गई है.
भारत सरकार ने 14 जून, 2022 को आर्म्ड फोर्सेज में शॉर्ट टर्म रिक्रूटमेंट के लिए अग्निपथ योजना शुरू की थी. इस योजना के तहत केवल चार सालों के लिए सैनिकों की भर्ती की जाती है. इसमें से 25 फीसदी लोगों को 15 सालों के लिए रेगुलर कैडर के तौर पर रखा जाएगा, बाकी चार साल में रिटायर कर जाएंगे.
वीडियो: 'रामायण' की तुलना 'दी ऑडिसी' और 'ड्यून 3' से होने पर प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने क्या कहा?


















