The Lallantop

'मां ट्रेन में कुछ शराबी हैं,' हिमाश्री ने फोन पर यही कहा था, अगले दिन रेलवे ट्रैक पर शव मिला

असम की 21 वर्षीय डांस प्रतियोगी हिमाश्री बोरो ने ट्रेन में शराब पी रहे कुछ लड़कों से असहज महसूस करने और धमकी मिलने की बात परिवार को फोन पर बताई थी. अगले दिन आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला.

Advertisement
post-main-image
हिमाश्री का शव रेलवे ट्रैक पर मिला. (फोटो- India today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • असम की हिमाश्री बोरो ने ट्रेन में शराबी लड़कों के व्यवहार के कारण परिवार को फोन कर असहजता जताई और बाद में उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
  • हिमाश्री डांस कॉम्पटीशन में हिस्सा लेने विशाखापत्तनम गई थीं और वापसी में ट्रेन में संदिग्ध परिस्थितियों में असहज महसूस कर फोन किया था।
  • पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड शामिल हैं, तथा पोस्टमॉर्टम से आगे की कार्रवाई तय होगी।

असम के कामरूप जिले की रहने वाली हिमाश्री बोरो ने रात 2 बजे के आसपास परिवार को फोन करके बताया था कि ट्रेन में कुछ शराबी लड़कों के बीच वह असहज महसूस कर रही हैं. इसके एक दिन बाद उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला.

Advertisement

हिमाश्री एक डांस कॉम्पटीशन में हिस्सा लेने के लिए विशाखापत्तनम गई थीं. वहां से ट्रेन से वापस गुवाहाटी आ रही थीं. परिवार के पास फोन करने के बाद उनका फोन बंद हो गया. परिवार के लोगों ने बार-बार फोन कर उनसे संपर्क करने की कोशिश की. फोन न लगने पर वो परेशान हो गए और रेलवे पुलिस (जीआरपी) से संपर्क किया. जीआरपी की जांच में हिमाश्री का बैग और आईडी कार्ड मिला, लेकिन वो नहीं मिलीं. 

क्या है घटना? 

असम के कामरूप जिले की रहने वाली 21 साल की हिमाश्री गुवाहाटी के बी. बरुआ कॉलेज में पढ़ती थीं. डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए विशाखापत्तनम गई थीं. परिवार ने बताया कि 5 अक्टूबर की रात उन्होंने गुवाहाटी लौटने के लिए विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन से डिब्रूगढ़ जाने वाली विवेक एक्सप्रेस पकड़ी थी. हिमाश्री ट्रेन के S2 कोच में सफर कर रही थीं. उनके परिवार ने बताया कि 6 अक्टूबर की आधी रात को सफर के दौरान उनकी आखिरी बार हिमाश्री से बात हुई थी. इसके बाद जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो परिवार परेशान हो गया. उन्होंने गुवाहाटी में रेलवे पुलिस (GRP) से संपर्क किया और रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी फोन किया.

Advertisement
परीक्षा देने लौट रही थीं हिमाश्री

द हिंदू की रिपोर्ट में बताया गया कि गुवाहाटी में हिमाश्री की परीक्षा थी, इसलिए उन्हें अकेले वापस लौटना पड़ रहा था. डांस ग्रुप के उनके दोस्तों ने सुरक्षा की चिंता जताते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की थी, लेकिन वो नहीं मानीं. उनकी ट्रेन 6 अक्टूबर की रात 12 बजकर 15 मिनट पर विशाखापत्तनम से रवाना हुई. एक सीसीटीवी वीडियो फुटेज में वह ट्रेन में सवार होते दिख रही हैं. स्टेशन पर उनके साथ एक लड़का भी है, जो उनका दोस्त बताया जा रहा है. वह हिमाश्री को स्टेशन छोड़ने आया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, जिस कोच में हिमाश्री बैठी थीं, उसमें कुछ लड़के कथित तौर पर शराब पी रहे थे. हिमाश्री ने इस पर आपत्ति जताई. अपने फोन में उनका वीडियो भी बनाया. इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता को फोन किया. उनसे कहा कि शराब के नशे में धुत कुछ लड़के उन्हें धमकी दे रहे हैं. हिमाश्री की किसी से भी ये आखिरी बात थी क्योेंकि इसके बाद उनका फोन बंद हो गया. 

रेलवे ट्रैक पर मिला शव

परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने हिमाश्री की तलाश शुरू की. उसे सूचना मिली कि श्रीकाकुलम जिले के मलयापुरम-पेनुबर्थी इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर एक लड़की का शव मिला है. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. श्रीकाकुलम के पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी भी घटनास्थल पर पहुंचे. हिमाश्री के परिवार के लोग भी श्रीकाकुलम पहुंच गए. 

Advertisement

परिवार ने पहचान की कि शव हिमाश्री का ही है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. परिवार ने कहा कि सफर के दौरान फोन पर वह काफी डरी हुई लगी. कुछ युवकों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया था. हिमाश्री ने जो वीडियो बनाया था, वह उसके फोन में मौजूद है. पुलिस उसकी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ेंः 'आदर्श गांव' में टॉयलेट ही नहीं, शौच के लिए गई महिला का शव मिला, सुअर के हमले का शक

पुलिस क्या कह रही है?

पुलिस का कहना है कि मामले में किसी आपराधिक साजिश की भूमिका साबित नहीं हुई है. अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं हिमाश्री चलती ट्रेन से गिर तो नहीं गई थीं. ये भी पता लगाया जा रहा है कि किसी ने हिमाश्री को धक्का तो नहीं दिया. हिमाश्री के दोस्तों ने भी ये आशंका जताई है कि जिन लड़कों के साथ उनका विवाद हुआ था, हो सकता है उन्होंने ने उन्हें ट्रेन से धक्का दे दिया हो. रेलवे पुलिस और श्रीकाकुलम जिला पुलिस CCTV फुटेज, वीडियो, कॉल रिकॉर्ड और हिमाश्री की यात्रा से जुड़ी जानकारियों की जांच कर रही हैं. शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. 

वीडियो: 'वाराणसी' में SS राजामौली ने चला 'बाहुबली' वाला पैंतरा, टूटेगा अपना ही रिकॉर्ड?

Advertisement